Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की रार अंतिम चरण के चुनाव के बिल्कुल करीब होने के बावजूद बरकरार है। यूपी में लखनऊ संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद कृष्णम ने अपनी ही पार्टी के नेता शत्रुघ्न सिन्हा पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रत्याशी कृष्णम ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व पटना साहिब से पार्टी के उम्मीदवार पर ‘पार्टी धर्म’ का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है।

प्रमोद कृष्णम ने कहा, ‘राहुल जी ने शत्रुघ्न जी के रोड शो में शामिल होकर ‘पार्टी धर्म’ का पालन किया, लेकिन शत्रुघ्न जी ने पार्टी धर्म का पालन नहीं किया।’ आचार्य कृष्णम ने कहा कि वह राजनीति को काफी हल्के में ले रहे हैं।

यह भारत के भविष्य से जुड़ा है, इस बारे में संवेदनशीलता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह राहुल गांधी की बड़ी सोच है कि उन्होंने भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा को बड़ा सम्मान दिया।

इससे पहले शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी को समाजवादी पार्टी ने लखनऊ से ही चुनाव मैदान में उतारा है। यूपी में कांग्रेस का सपा-बसपा से गठबंधन नहीं होने के कारण राज्य के कई सीटों पर सपा-बसपा गठबंधन और भाजपा के साथ ही कांग्रेस उम्मीदवार के मैदान में उतरने के कारण लड़ाई त्रिकोणीय हो चुकी है।

सपा से उम्मीदवार पत्नी का प्रचार कर चुके हैं शत्रुघ्नः इससे पहले पत्नी पूनम सिन्हा के सपा की तरफ से नामांकन करने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा उनके पक्ष में प्रचार कर चुके हैं। इतना ही नहीं शत्रुघ्न ने सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव को पीएम पद का उम्मीदवार बताया था। लखनऊ से कांग्रेस उम्मीदवार आचार्य प्रमोद पहले भी शत्रुघ्न सिन्हा से अपने पक्ष में चुनाव प्रचार करने की बात कह चुके हैं।

Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live coverage and full election schedule for India General Election 2019