Lok Sabha Election 2019: केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी शनिवार शाम महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में शिरडी के पास एक चुनावी रैली में मंच पर बेहोश हो गए। गडकरी यहां शिरडी से मौजूदा शिवसेना के मौजूदा सांसद सदाशिव लोखंडे के चुनाव प्रचार के लिए यहां पहुंचे थे। इस कारण कार्यक्रम को जल्द खत्म करना पड़ा।

करीब 20 मिनट तक भाषण देने के बाद जब गडकरी जब अपनी सीट पर वापस लौट रहे थे तभी वह बेहोश हो गए। हालांकि, गडकरी जल्द ही होश में आ गए और बाद में अपनी कार तक पैदल चलकर गए। मंच पर गिरते ही गडकरी की मदद के लिए अहमदनगर सीट से भाजपा के उम्मीदवार सुजय विखे पाटिल और राज्य के मंत्री राम शिंदे दौड़े।

कुछ ही मिनट में सड़क एवं परिवहन मंत्री होश में आ गए इस दौरान मंच पर अहमदनगर से भाजपा के मौजूदा सांसद दिलीप गांधी भी मौजूद थे। गांधी ने कहा कि सीट पर बैठने के बाद गडकरी ने एक गिलास नींबू पानी और कुछ चॉकलेट खाया था। उन्होंने कहा कि कुछ मिनट बाद केंद्रीय मंत्री बेहतर महसूस कर रहे थे।

इसके बाद वह खड़े हुए और जनता का अभिवादन किया। बाद में अपनी कार तक पैदल चलकर गए। शाम में वह प्रसिद्ध साईबाबा मंदिर गए। केंद्रीय मंत्री गडकरी यहां दोपहर 3ः30 बजे पहुंचे थे। अहमदनगर के रहाता में शनिवार को अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस था।

भाजपा के एक स्थानीय नेता ने कहा कि यहां से रवाना होने से पहले उनका ब्लड प्रेशर के साथ ही मेडिकल जांच की गई। गडकरी इससे पहले भी मंच पर बेहोश हो चुके हैं। 7 दिसम्बर 2018 को वह राज्य में राहुरी कृषि विश्वविद्यालय के एक दीक्षांत समारोह के दौरान बेहोश हो गए थे। उन्होंने बाद में इसका कारण ग्लूकोज का लेवल कम बताया गया था।

भाजपा नेता गडकरी नागपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। मालूम हो कि महाराष्ट्र में इस बार फिर भाजपा और शिवसेना एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने शरद पवार की एनसीपी के साथ गठबंधन किया है।
(भाषा इनपुट्स के साथ)

Read here the latest Lok Sabha Election 2019 News, Live coverage and full election schedule for India General Election 2019