Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में उथल-पुथल मची हुई है। बहुजन समाज पार्टी द्वारा निकाले गए अमरोहा से लोकसभा सांसद दानिश अली आखिरकार कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। अली अब कांग्रेस पार्टी के टिकट पर अमरोहा से चुनाव लड़ सकते हैं। बता दें कि दानिश अली को पिछले साल बसपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के बाद सस्पेंड कर दिया था।
दानिश अली की कांग्रेस पार्टी के साथ नजदीकियां बढ़ती जा रहीं थी। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भी हिस्सा लिया था। उन्होंने खुद इस बात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की थी। उस समय उन्होंने कहा था कि देश की स्थिति को लेकर मेरे पास केवल दो ऑप्शन ही थे।
रमेश बिधूड़ी से हुआ था विवाद
कांग्रेस में शामिल हुए दानिश अली उस समय चर्चा का विषय बन गए थे। जब बीजेपी के सांसद रमेश बिधूड़ी ने लोकसभा में चंद्रयान-3 की चर्चा के दौरान सांसद कुंवर दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजक शब्दों का इस्तेमाल किया था। दानिश अली ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को पत्र लिखकर रमेश बिधूडी की सदस्यता रद्द करने की मांग की थी। कांग्रेस पार्टी ने भी मांग की थी कि बिधूड़ी के खिलाफ उनकी भाषा के लिए सख्त एक्शन लिया जाए। इस घटना के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी दानिश अली उनके घर पर जाकर मिले थे। इस मुलाकात के दौरान उनके साथ कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल और सांसद इमरान प्रतापगढ़ी भी थे।
कौन हैं दानिश अली
दानिश अली यू्पी के हापुड़ के रहने वाले हैं। उनके दादा 1977 में हापुड़ लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। दानिश ने दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पढ़ाई की। दानिश ने अपना राजनीतिक करियर जनता दल (सेक्यूलर) के साथ शुरू किया। अली अपने पांच भाइयों में सबसे छोटे हैं। उनको जनरल सेकेट्री तक की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्हें साल 2019 से बसपा ने अमरोहा से टिकट दिया और उन्होंने बीजेपी के कंवर सिंह तंवर को 63 हजार से ज्यादा वोटों से हराया।