Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव 2019 में पीएम मोदी के खिलाफ बनारस से कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लग गया है। न्यूज एजेंसी एनआई के मुताबिक कांग्रेस के उम्मीदवार अजय राय होंगे। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि पीएम मोदी के खिलाफ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।
बता दें कि पूर्व विधायक अजय राय पांच बार वाराणसी की पिंडरा विधानसभा से विधायक चुने जा चुके हैं। पिछली बार के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के खिलाफ उन्होंने चुनाव लड़ा था लेकिन वह हार गए थे।इसके अलावा कांग्रेस ने गोरखपुर से भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है।गोरखपुर से मधुसूधन तिवारी को कांग्रेस ने मैदान में उतारा है जबकि भाजपा के टिकट पर रवि किशन यहां चुनौती पेश कर रहे हैं।
Ajay Rai to be the Congress candidate from Varanasi #LokSabhaElections2019 pic.twitter.com/SfF0bOtyRH
— ANI (@ANI) April 25, 2019
गौरतलब है कि पिछली बार वाराणसी की सीट पर नरेंद्र मोदी को 5 लाख 81 हजार 22 वोट मिले थे। केजरीवाल को 2 लाख 9 हजार 238 मत प्राप्त हुए थे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय 75 हजार 614 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। नरेंद्र मोदी ने आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को 3 लाख 71 हजार 784 वोटों के अंतर से मात दी थी।