Karnataka Assembly Election 2023 Polling Live Updates: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बुधवार (10 मई 2023) को वोट डाले गए। राज्य की सभी 224 विधानसभा सीटों पर एकसाथ वोटिंग हुई। कर्नाटक में मतदान के लिए 58,545 मतदान केंद्र बनाए गए थे। कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियां इस चुनाव में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा कर रही हैं। अब 13 मई को मतों की गिनती की जाएगी, जिसके बाद यह स्पष्ट होगा कि राज्य में किस पार्टी की सरकार बनेगी। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद जारी हुए विभिन्न एग्जिट पोल्स में राज्य में कांटे की टक्कर का अनुमान जताया गया है। ज्यादातर एग्जिट पोल राज्य में कांग्रेस को सबसे बड़ी पार्टी बनते दिखा रहे हैं।

Live Updates

Karnataka Assembly Election 2023 Voting Live Updates: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बुधवार को वोट डाले गए, जानें पल-पल की अपडेट्स

09:40 (IST) 10 May 2023
प्रधानमंत्री की सलाह के अनुसार गैस सिलेंडर की कीमत देखकर ही वोट करें- डी.के. शिवकुमार

कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने मतदान से पहले श्री केनकेरम्मा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि पिछली बार मोदी जी ने सभी मतदाताओं से कहा था कि वोट डालने से पहले आप अपना गैस सिलेंडर देखें, नमस्कार करें और फिर जाएं। इस बार मैं भी कहूंगा कि हमारे प्रधानमंत्री के अनुरोध और सलाह के अनुसार गैस सिलेंडर की कीमत देखकर ही वोट करें।

09:37 (IST) 10 May 2023
चिक्कमगलुरु में दुल्हन ने डाला वोट

चिक्कमगलुरु के पोलिंग बूथ नंबर 165 पर एक दुल्हन ने वोट डाला।

09:25 (IST) 10 May 2023
CM बसवराज बोम्मई ने किया रिकॉर्ड अंतर से जीत का दावा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शिग्गांव के मतदान केंद्र पर वोट डाला। CM बोम्मई ने कहा, “मैंने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपना कर्तव्य निभाया है, इस बार मैं रिकॉर्ड अंतर से जीतूंगा और भाजपा पू्र्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। यह विकास और नकारात्मक अभियान के बीच की लड़ाई है।”

09:14 (IST) 10 May 2023
सुधा मूर्ति ने की युवाओं से वोट डालने की अपील

लेखिका सुधा मूर्ति ने जयनगर में मतदान किया। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि वोट देना मेरा कर्तव्य है। मतदान लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, किसी भी लोकतंत्र में अगर मतदाता नहीं हैं तो वह लोकतंत्र बिल्कुल भी नहीं है, इसलिए मैं सभी से मतदान करने का अनुरोध करूंगी।” सुधा मूर्ति ने वोट डालने के बाद कहा कि मैं हमेशा युवाओं कहती हूं कि आओ और मतदान करो और फिर तुम्हारे पास बात करने की शक्ति है, मतदान के बिना तुम्हारे पास बात करने की कोई शक्ति नहीं है।

09:02 (IST) 10 May 2023
कर्नाटक के लोगों ने प्रगतिशील, पारदर्शी और कल्याणकारी सरकार चुनने का फैसला किया- मल्लिकार्जुन खड़गे

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दिन मतदाताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राज्य के लोगों ने एक प्रगतिशील, पारदर्शी और कल्याणकारी सरकार चुनने का फैसला किया है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा, “हम बेहतर भविष्य के लिए इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अपने पहली बार के मतदाताओं का स्वागत करते हैं।”

08:52 (IST) 10 May 2023
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

लगभग तीन लाख मतदान कर्मियों को चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया है। मतदान के दौरान कुल 75,603 बैलेट यूनिट (BU), 70,300 कंट्रोल यूनिट (CU) और 76,202 वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) का इस्तेमाल किया जाएगा। यहां पढ़ें सारी डीटेल्स

Karnataka Election 2023: कर्नाटक में आज मतदान, 2615 उम्मीदवारों की किस्मत होगी वोटिंग मशीन में बंद

08:44 (IST) 10 May 2023
वोट डालने पहुंचे इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति

इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति वोट डालने के लिए बेंगलुरु के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे।

08:26 (IST) 10 May 2023
CM बसवराज बोम्मई ने की लोगों से मतदान की अपील

कर्नाटक के CM बसवराज बोम्मई ने लोगों से मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमारी पार्टी, कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कैंपेन की है उससे मैं बहुत खुश हूं। मैं कर्नाटक के लोगों से अपील करता हूं कि बढ़ चढ़कर कर्नाटक के विकास के लिए वोट करें।

08:12 (IST) 10 May 2023
सांप्रदायिक राजनीति के खिलाफ करना है वोट- प्रकाश राज

अभिनेता प्रकाश राज शांतिनगर स्थित सेंट जोसेफ इंडियन स्कूल पोलिंग स्टेशन मतदान के लिए पहुंचे। वोटिंग के बाद प्रकाश राज ने कहा कि हमें साम्प्रदायिक राजनीति के खिलाफ वोट करना है। चुनाव वो जगह है जहां आपके पास फैसला करने का अधिकार होता है। हमें कर्नाटक को सुंदर बनाना है। सौहार्द बनाकर रखना है।

07:50 (IST) 10 May 2023
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने किया मतदान

विजय नगर में केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण मतदान करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचीं। वोट डालने के बाद वित्तमंत्री ने कहा कि बेंगलुरु का इंफ्रास्ट्रक्चर आने वाले दिनों में और अच्छा हो। कर्नाटक में उद्योग को और बढ़ावा मिले। इसके लिए मैंने वोट डाला है। मैंने डबल इंजन सरकार के लिए वोट डाला है।

07:41 (IST) 10 May 2023
शिकारीपुर के श्री हुच्चराय स्वामी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा अपने परिवार के साथ शिकारीपुर के श्री हुच्चराय स्वामी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। उनके बेटे, बी.वाई. विजयेंद्र विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। वोटिंग के बाद येदियुरप्पा ने कहा कि विजयेंद्र को 40 हजार से ज्यादा वोट मिलने वाले हैं और भाजपा पूर्ण बहुमत से जीतेगी।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए राज्य के 5,31,33,054 मतदाता वोट डालेंगे। इसमें 2,67,28,053 पुरुष, और 2,64,00,074 महिलाएं तथा 4,927 अन्य हैं।