2019 Lok Sabha Election:आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। नायडू ने पीएम मोदी को बहुत अच्छा एक्टर बताया। अमरावती में जनता को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा, ‘‘पीएम मोदी कभी किसी के नमस्कार का जवाब नहीं देते। वे आडवाणी के अभिवादन का जवाब नहीं देते। यहां तक कि उन्होंने अपने गुरु को भी धोखा दिया। पीएम मोदी से अच्छा कोई भी एक्टर नहीं है।’’

सफाई कर्मचारियों के पैर धोने पर साधा निशाना: तेलुगुदेशम पार्टी के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू का हमला यही नहीं रुका। उन्होंने पीएम मोदी द्वारा सफाई कर्मचारियों के पैर धोने का जिक्र किया और कहा, ‘‘वे चुनाव से पहले सफाई कर्मचारियों के पैर धो रहे हैं। ये कर्मचारी तो पिछले चार साल से अपना काम कर रहे हैं, तब तो पीएम मोदी ने कभी उनके पैर नहीं धोए।’’ गौरतलब है कि रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी प्रयागराज गए थे। यहां संगम में स्नान के बाद उन्होंने कुछ सफाई कर्मचारियों के पैर धोकर साफ किए थे। साथ ही, उन्होंने सफाई कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

केसीआर और जगनमोहन रेड्डी पर लगाया आरोप: बता दें कि नायडू ने पीएम मोदी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव पर वाईएसआर कांग्रेस अध्यक्ष वाई एस जगनमोहन रेड्डी के साथ मिलकर राज्य के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये तीनों इस साजिश के लिए 1000 करोड़ रुपए खर्च कर सकते हैं। नायडू ने कहा, ‘‘तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर आंध्र प्रदेश से नफरत करते हैं, लेकिन जगनमोहन रेड्डी से प्यार करते हैं। टीआरएस आंध्र प्रदेश को चलाने में अपना अधिकार चाहती है। वे वाईएसआर कांग्रेस को नोटों के थैले पहुंचा रहे हैं। केसीआर, जगन और मोदी राज्य के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।’’ वहीं, भाजपा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने नायडू के बयान की आलोचना करते हुए कहा- तेलुगुदेशम पार्टी फर्जी प्रचार कर रही है, जिस पर जनता कभी भरोसा नहीं करेगी।