हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा लोकसभा सीट पर हर बार नया चेहरा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए फायदे का सौदा रहा है। इसी समीकरण से भाजपा ने कांगड़ा सीट पर अब तक तीन बार के लोकसभा चुनाव में अपनी जीत दर्ज कराई है। यहां से इस बार भाजपा के उम्मीदवार राजीव भारद्वाज और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा चुनाव मैदान में है। ये दोनों ही उम्मीदवार पहली बार लोकसभा चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। आनंद शर्मा इससे पहले राज्यसभा से संसद तक पहुंचते रहे हैं। पहली बार कांग्रेस ने उन्हें लोकसभा चुनाव में उतारा है।

कांगड़ा सीट से भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार अपनी उम्र का साठ का पड़ाव पार कर चुके हैं। भाजपा के उम्मीदवार राजीव भारद्वाज की उम्र 62 साल और कांग्रेस उम्मीदवार आनंद शर्मा की उम्र 71 साल है। राजीव भारद्वाज अब तक प्रदेश में संगठन के कई पदों पर काम कर चुके हैं। वहीं, लोकसभा चुनाव में पहली बार उतरे आनंद कुमार के पास राजनीति का अनुभव अधिक है। कांगड़ा सीट के चुनावी समीकरण बताते हैं कि यह सीट लगातार वर्ष 2009 से भारतीय जनता पार्टी के कब्जे में है। इस सीट पर आखिरी बार वर्ष 2004 में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी।

कांगड़ा सीट पर लगातार तीन बार हुई कांग्रेस की हार के बाद से यह क्षेत्र भाजपा का गढ़ बन गया गया है। बताया जा रहा है कि इस सीट पर भाजपा ने लगातार अपने उम्मीदवार को बदला है। इस रणनीति का लाभ भाजपा को जमीनी स्तर पर लोगों की नाराजगी खत्म करने के लिए मिला है। इसी कार्ड पर भाजपा ने एक बार फिर से इस सीट से नये चेहरे राजीव भारद्वाज को उतारा है। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने किशन कपूर, 2014 में शांता कुमार और 2009 में डा राजन सुशांत को टिकट दिया था। इन तीनों ही चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज कराई थी। इससे पहले वर्ष 2004 में कांग्रेस उम्मीदवार चंदर कुमार ने शांता कुमार को हराया था।

भाजपा के राजीव भारद्वाज के सामने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद कुमार है। आनंद कुमार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और केंद्रीय मंत्री होने के साथ एक मंझे हुए सक्रिय नेता हैं। इस सीट को कांग्रेस एक चुनौती के तौर पर ले रही है। इससे पूर्व आनंद कुमार राज्यसभा के चार बार सांसद रहे हैं और कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बतौर मंत्री और अन्य अहम पदों पर रह चुके हैं। उनके पास कांग्रेस के कार्यकाल में वाणिज्य और उद्योग मंत्री के कामकाज का अनुभव है।

भाजपा से ज्यादा कांग्रेस उम्मीदवार धनी

कांगड़ा सीट से भाजपा के उम्मीदवार राजीव भारद्वाज के पास साठ हजार रुपए नकद हैं और उनके पास कुल 14.09 लाख रुपए की संपत्ति है। इनके पास अपनी एक हुंडई कार हैं और दस ग्राम सोने की चेन व दस ग्राम की ही सोने की अंगूठी है। वहीं, आनंद कुमार ने अपनी खुद की संपत्ति 11.38 करोड़ रुपए घोषित की है। इनके पास नकद में सत्तर हजार रुपए हैं, इसके अतिरिक्त शेष राशि विभिन्न बैंक खातों में जमा है। इनके पास अपना कोई वाहन नहीं हैं, लेकिन सोने व अन्य कीमती जेवरात जरूर हैं, जिनकी कीमत करीब 3.40 लाख रुपए हैं।