उत्तर पदेश के लिए कांग्रेस के नवनियुक्त महासचिवों प्रियंका गांधी वाड्रा तथा ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ राजधानी लखनऊ में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रोड शो किया। रोड शो के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि राज्य में जबतक कांग्रेस की सरकार नहीं बनती है तब तक ‘‘मैं, प्रियंका और सिंधियाजी चैन से नहीं बैठेंगे। हमारे सामने लोकसभा का चुनाव है, मैंने प्रियंका और ज्योतिरादित्य से कहा है कि इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन होना चाहिये, मगर उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार भी बनानी होगी । ये आप दोनों की जिम्मेदारी है। इनका लक्ष्य लोकसभा जरूर है, मगर इनका उद्देश्य विधानसभा में कांग्रेस की सरकार बनाने का है। हम उत्तर प्रदेश में युवाओं, गरीबों और किसानों की सरकार लाएंगे।” हरियाणा के भाजपाई मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस रोड शो पर तंज किया है। उन्होंने कहा, “फुके हुए कारतूस से कुछ नहीं होता। कांग्रेस अब फुका हुआ कारतूस है।”
Haryana CM Manohar Lal Khattar on roadshow of Rahul Gandhi, Priyanka Gandhi & Jyotiraditya Scindia in Lucknow: Phuke hue kartooson se kuch nahi hota. Congress ab phuka hua kartoos hai. pic.twitter.com/S8CUcKT5ob
— ANI (@ANI) February 11, 2019
राजधानी लखनऊ स्थित हवाई अड्डा पहुंचने के बाद दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त महासचिवों – प्रियंका गांधी एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया- के साथ रोड शो शुरू किया जो करीब पांच घंटे तक चला। रोड शो में लोगों की जबरदस्त मौजूदगी में कांग्रेस अध्यक्ष को हवाई अड्डे से स्थानीय कांग्रेस कार्यलाय की लगभग 12 किलोमीटर की दूरी तय करने में साढे पांच बज गए। प्रदेश में जोरदार स्वागत के लिये सभी का दिल से धन्यवाद करते हुए राहुल ने राफेल मामले पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा, मगर उन्होंने फायदा केवल अनिल अम्बानी को पहुंचाया।
इसके पूर्व, कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी बनाये जाने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर लखनऊ पहुंची। उनके साथ उनके भाई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के नवनियुक्त प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी लखनऊ पहुंचे। हवाई अड्डे पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भरपूर गर्मजोशी से तीनों नेताओं का स्वागत किया।
राहुल, प्रियंका और सिंधिया ने हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया। हवाई अड्डे से तीनों नेताओं का रोडशो शुरू हुआ। उनके ”रथ” पर कई अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता भी मौजूद थे। वे आलमबाग, चारबाग और लालबाग होते हुए हजरतगंज पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और डाक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और करीब 12 किलोमीटर का सफर तय करके शाम को कांग्रेस कार्यालय पहुंचे।
[bc_video video_id=”6000754026001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
प्रियंका, राहुल और सिंधिया के रथ पर रास्ते में खड़े हजारों कार्यकर्ताओं ने गुलाब और गेंदे के फूलों की वर्षा की। उत्साही कार्यकर्ताओं में ”सेल्फी” लेने की होड़ मच गयी। रोडशो के मार्ग पर तमाम जगहों पर पंडाल और स्टेज लगाये गये थे। जहां कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं का स्वागत किया। लालबाग में राहुल ने जनसमूह को सम्बोधित भी किया। मगर प्रियंका ने कहीं भी सम्बोधन नहीं दिया। रोड शो के लिए लखनऊ हवाई अड्डे से कांग्रेस कार्यालय तक के मार्ग को होर्डिंग, पोस्टर और बैनर से पाट दिया गया था। कुछ होर्डिंग-बैनर में प्रियंका को मां दुर्गा के रूप में दिखाया गया। प्रियंका और राहुल के स्वागत के लिए प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने प्रियंका सेना भी बनायी। सेना में शामिल कार्यकर्ता गुलाबी टी-शर्ट और पैंट पहने नजर आये। टी-शर्ट पर प्रियंका की तस्वीर भी बनी थी। (भाषा इनपुट के साथ)