उत्तर गुजरात के मेहसाणा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी भी ’पक्षपात और भेदभाव’ की नीति का समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा कि युवाओं द्वारा सत्तारूढ़ भाजपा में विश्वास जताना भी इसी बात को दर्शाता है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस माडल का अर्थ है भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, परिवारवाद की राजनीति, संप्रदायवाद और जातिवाद। वे सत्ता में बने रहने के लिए वोट बैंक की राजनीति करने और लोगों के बीच दरार पैदा करने के लिए जाने जाते हैं। हम लोगों ने कभी भी पक्षपात और भेदभाव की नीति का समर्थन नहीं किया। यही वजह है कि युवा हम पर विश्वास जता रहा है। उन्होंने कहा कि इस माडल ने न सिर्फ गुजरात को बर्बाद किया बल्कि देश को भी बर्बाद किया। यही वजह है कि देश को आगे ले जाने के लिए हमें कठिन परिश्रम करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि वे (कांग्रेस) गरीबों को हमेशा गरीब ही रखना चाहते हैं ताकि वह सरकार पर निर्भर रहें। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को भरोसा है कि भाजपा की नीतियां उनके लिए भविष्य में अधिक अवसरों का निर्माण करेंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि 20 से 25 साल के युवाओं को संभवत: पता नहीं होगा कि मेहसाणा जिले के लोगों को पानी और बिजली की कमी सहित कितने संकटों से गुजरना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि उन दिनों सूखा भी आम था। हम लोगों (भाजपा) ने गुजरात को प्राकृतिक आपदाओं और सीमित संसाधनों के बीच समृद्धि की राह पर पहुंचाया है। पहले के चुनावों में बिजली और पानी प्रमुख मुद्दा हुआ करते थे। आज विपक्ष इन मुद्दों पर कुछ नहीं बोल सकता क्योंकि उनका समाधान कर दिया गया है। 2014 में देश का प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वालों की पुलिस की गोली से मौत तक हुई और इनमें युवा तथा किसान भी थे। उन्होंने कहा कि बिजली पाने के लिए लोगों को घूस देनी पड़ती थी। इस स्थिति को बदलने के लिए हमने बिजली क्षेत्र में सुधार की शुरुआत की। दो दशक पहले बिजली के महज पांच लाख कृषि कनेक्शन (सिंचाई के लिए) थे और अब गुजरात में ऐसे कनेक्शन की संख्या 20 लाख है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि गुजरात में सौर ऊर्जा का उत्पादन 8,000 मेगावाट तक पहुंच गया है जबकि पवन ऊर्जा के माध्यम से 10,000 मेगावाट तक बिजली का उत्पादन हो रहा है।

मोदी ने बुधवार को सवाल किया कि कांग्रेस यदि जनजातीय समुदाय को लेकर इतनी ही चिंतित है तो उसने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन क्यों नहीं किया? प्रधानमंत्री मध्य गुजरात के जनजातीय बहुल दाहोद में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।राहुल गांधी की अगुआई में जारी कांर्ग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि एक आदमी सत्ता में वापसी करने के लिए पैदल यात्रा कर रहा है।

अपने भाषणों में वह जनजातीय समुदाय की बात करता है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि कांग्रेस ने राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा की महिला जनजातीय उम्मीदवार का समर्थन क्यों नहीं किया? इसकी जगह उन्होंने उन्हें हराने के लिए अपना उम्मीदवार मैदान में उतारा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के इस प्रकार के प्रयासों के बावजूद द्रौपदी मुर्मू ‘जनजातीय लोगों के आशीर्वाद’ से राष्ट्रपति बनीं।