चौथे चरण में बिहार की पांच संसदीय सीटों पर खड़े 55 उम्मीदवारों में 23 धनबल के धनी है। इतना ही नहीं इनमें सात निर्दलीय उम्मीदवार भी है। जो करोड़पति की गिनती में है। इसके अलावे भाजपा-राजद के तीन-तीन , एसयूसीआई के दो, अखिल भारतीय परिवार पार्टी , जनता राज विकास पार्टी, कांग्रेस, जागरूक जनता पार्टी, लोजपा (र), जद(एकी), कर्पूरी जनता पार्टी, बसपा के एक-एक प्रत्याशी करोड़पति है।
इस चरण में आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवार कम
दिलचस्प बात यह है कि बिहार में हुए तीन चरण के चुनाव में से सबसे ज्यादा करोड़पति प्रत्याशी चौथे चरण में है। इनकी औसतन जायदाद 2 करोड़ 88 लाख रुपए है और आपराधिक मामले जिनके खिलाफ चल रहे है उन उम्मीदवारों की संख्या तीन चरणों के प्रत्याशियों के बनिस्बत चौथे चरण में घटी है। 55 में केवल 10 उम्मीदवारों के खिलाफ मामले दर्ज है। जबकि 24-24 फीसदी दूसरे और तीसरे चरण के उम्मीदवारों के खिलाफ है। चौथे चरण में केवल 18 प्रतिशत ही है। बिहार की पांच लोकसभा सीटें बेगूसराय, मुंगेर, दरभंगा, समस्तीपुर (सुरक्षित) और उजियारपुर में चौथे चरण में मतदान है। यहां 13 मई को वोट पड़ेंगे। यहां के 55 प्रत्याशियों में से 23 ने अपनी चल-अचल संपत्ति एक करोड़ रुपए से ज्यादा दाखिल हलफनामे में बताई है।
बीजेपी के तीनों उम्मीदवारों के खिलाफ क्रिमिनल केस
एडीआर की रिपोर्ट भी इसी आधार पर तैयार की गई है। जिसका खुलासा किया है। उजियारपुर से भाजपा उम्मीदवार व निवर्तमान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने 18 करोड़ रुपए से ज्यादा जायदाद हलफनामे में बताई है। इनके खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज है, लेकिन बेगूसराय से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से कम है। ये चौथे चरण में अव्वल है। इस तरह चौथे चरण के चुनाव में खड़े भाजपा के तीनों उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज है। दो राजद और एक भाकपा उम्मीदवार ने भी अपने खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की बात नामंकन के दौरान स्वीकार की है।
धनबल में नित्यानंद राय के बराबर राजद की टिकट पर दरभंगा से चुनाव लड़ रहे ललित कुमार यादव है। इन्होंने भी 18 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति अपने हलफनामे में दर्शाई है। वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने 14 करोड़ 31 लाख रुपए और मुंगेर से चुनाव लड़ रहे जद(एकी) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने 13 करोड़ 78 लाख रुपए की संपत्ति घोषित की है।
इतना ही नहीं दरभंगा से चुनावी जंग लड़ रहे बहुजन समाजवादी पार्टी उम्मीदवार दुर्गानंद महावीर नायक ने 14 करोड़ रुपए की अपनी जायदाद हलफनामे में बताई है। कुल 55 उम्मीदवारों में से बेगूसराय में 10, मुंगेर में 12, दरभंगा में 8, उजियारपुर में 13 और समस्तीपुर में 12 अपना भाग्य आजमा रहे है। इनमें चार महिलाएं भी है। लोजपा (र) से शांभवी कुमारी जो बिहार में जद(एकी) नेता व मंत्री अशोक चौधरी की बेटी है। राजद की अनिता देवी है। इनके पति बाहुबली अशोक महतो है। जागरूक जनता पार्टी की निक्की झा और निर्दलीय अमृता कुमारी है।