त्रियुग नारायण तिवारी

फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र में मतदान पांचवें चरण में छह मई को है लेकिन संयोग इस बार ऐसा हुआ कि तीन प्रमुख राजनीतिक दलों भाजपा, कांग्रेस और सपा ने अपने उम्मीदवारों के नाम पहले ही घोषित कर दिए। हालांकि अभी तीनों दलों की ओर से विधिवत चुनाव प्रचार शुरू नहीं हुआ है लेकिन अयोध्या नगरी में मुद्दा विकास है और वे अधूरे काम हैं जिनका वादा दलों और प्रतिनिधियों ने जनता से किया था। अभी यहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा बाकी दो पार्टियों के कद्दावर नेता या प्रदेश स्तर के नेता दौरे पर नहीं आए हैं। पिछले दिनों पहुंची प्रियंका ने अयोध्या नगर और कुमारगंज के इलाके में लोगों के बीच जाकर संपर्क किया था और उनका लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्र के मतदाता थे।

भाजपा ने सांसद लल्लू सिंह पर फिर से भरोसा जताया है और वे जनसंपर्क में जुट गए हैं। कांग्रेस के उम्मीदवार फैजाबाद से दो बार सांसद रहे डॉ निर्मल खत्री से मैदान में हैं। डॉ खत्री एक साल से अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक पूरे लोकसभा क्षेत्र में जनसंपर्क करते चले आ रहे हैं। उनके समर्थन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रोड शो किया था। डॉ निर्मल खत्री युवक कांग्रेस तथा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और वे साफ-सुथरी छवि के लिए जाने जाते हैं। डॉ खत्री 1980 में विधायक रहे हैं जबकि 1984 और 2009 में सांसद भी रहे हैं।

सपा-बसपा गठबंधन से पूर्व विधायक पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। वे पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। आनंद सेन यादव के पिता दिवंगत मित्रसेन यादव फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से तीन बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पहली बार कम्युनिस्ट पार्टी जनता दल समझौते से, दूसरी बार बसपा और तीसरी बात सपा से चुनाव जीत कर सांसद बने थे। भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं। दो बार हार चुके हैं और 2014 में पहली बार सांसद बने। अयोध्या विधानसभा से 25 साल तक लगातार विधानसभा के सदस्य होने का उन्हें गौरव है।

चुनाव मैदान में उतरे तीनों प्रमुख दलों के उम्मीदवार अपने में पकड़ रखने वाले माने जाते हैं। प्रवीण भाई तोगड़िया की पार्टी से हरिशंकर सफरीवाला मौर्य को टिकट मिला है। फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र में दरियाबाद, रुदौली, मिल्कीपुर, बीकापुर, अयोध्या विधानसभा क्षेत्र हैं। इन सभी विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा के विधायक चुने गए हैं। दरियाबाद क्षेत्र विधानसभा के विधायक सतीश शर्मा को छोड़कर अन्य चारों विधायक सांसद लल्लू सिंह के विरोधी हैं और इन चारों ने टिकट न देने के लिए संयुक्त पत्र पार्टी आलाकमान को दिया था। फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष विनय कटियार तीन बार सांसद रह चुके हैं।