Election Results 2019: 2019 के चुनावों में प्रचंड बहुमत पाने के बाद नरेंद्र मोदी अगले कुछ दिनों में नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इस बीच उनके नए मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले चेहरों को लेकर कयासों का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पीएम मोदी कुछ पुराने मंत्रियों की छुट्टी कर सकते हैं, जबकि कुछ नए चेहरों को मंत्रिपरिषद में शामिल कर सकते हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि युवाओं को मंत्रिमंडल में ज्यादा तरजीह दी जाएगी। आगामी विधान सभा चुनावों के मद्देनजर भी कुछ क्षेत्रीय चेहरों को शामिल किया जा सकता है। इनके अलावा कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल और कुछ का प्रमोशन भी किया जा सकता है।
Election Results 2019 LIVE Updates: यहां देखें नतीजे
कुछ का प्रमोशन, विभागों में भी फेरबदल संभव: चर्चा है कि अमित शाह को गृह मंत्री बनाया जा सकता है, जबकि राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्री बनाया जा सकता है। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण को भी फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है लेकिन इस बार उन्हें रक्षा की बजाय कोई दूसरा मंत्रालय दिया जा सकता है। पहले भी वो वाणिज्य मंत्री रह चुकी हैं। इनके अलावा कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद को भी कोई दूसरा अहम मंत्रालय दिया जा सकता है। उन्होंने पहली बार लोकसभा चुनाव जीता है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को करारी शिकस्त देने वाली केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी की कद बढ़ाया जा सकता है। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के मंत्रालय में भी फेरबदल की संभावना है।
नितिन गडकरी का कामकाज भी उम्दा रहा है। उनके पास कई मंत्रालय हैं। लिहाजा, उम्मीद की जा रही है कि उनका बोझ कुछ कम किया जा सकता है। मोदी सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का कद बढ़ाया जा सकता है। इनके अलावा जेपी नड्डा और धर्मेंद्र प्रधान को भी अहम मंत्रालय दिया जा सकता है। गिरिराज सिंह का कद बढ़ाए जाने की चर्चा है। वहीं राजीव प्रताप रूढ़ी को फिर से मंत्री बनाए जाने की अटकलें हैं।
Loksabha Election 2019 Results live updates: See constituency wise winners list
ये नए चेहरे हो सकते हैं शामिल: लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान की गैर मौजूदगी में उनके बेटे चिराग पासवान की मोदी मंत्रिमंडल में एंट्री हो सकती है। इनके अलावा बिहार के दूसरे घटक दल जेडीयू की तरफ से भी दो मलाईदार विभाग में मंत्री बनाए जाने की अटकलें हैं। माना जा रहा है कि राज्यसभा में जेडीयू के नेता और नीतीश के करीबी आरसीपी सिंह और पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ सिंह को मोदी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है, तीसरे नाम के तौर पर दिनेशचंद्र यादव की चर्चा, जिन्होंने मधेपुरा से शरद यादव को हराया है।
मोदी कैबिनेट में भी ‘नंबर 2’ हो सकते हैं अमित शाह, बाहर रह सकते हैं ये दिग्गज
इसी साल हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड में भी विधान सभा चुनाव होने हैं। इनके अलावा 2022 में यूपी में भी चुनाव होने हैं। लिहाजा, वहां से भी कुछ नए चेहरे को मंत्रिपरिषद में शामिल किया जा सकता है। झारखंड से निशिकंत दूबे, अर्जुन मुंडा के मंत्री बनने की चर्चा है। महाराष्ट्र से शिव सेना की मंत्रिमंडल में भागीदारी बढ़ाए जाने की भी चर्चा है। पश्चिम बंगाल में उम्दा प्रदर्शन में अहम रोल निभाने वाले मुकुल रॉय को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। उनके अलावा और कुछ चेहरों को तबज्जो दिया जा सकता है क्योंकि राज्य में दो साल बाद विधान सभा चुनाव भी होने वाले हैं।