Lok Sabha Polls 2019: भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने दिल्ली इकाई से संभावित उम्म्मीदवारों की लिस्ट में सुधार कर दोबारा भेजने को कहा है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली की सात लोकसभा सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों की सूची में दिल्ली भाजपा चुनाव समिति के कई सदस्यों ने अपने ही नाम का प्रस्ताव कर दिया था। बीते शुक्रवार (22 मार्च) को यह सूची रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, दिल्ली भाजपा के संगठन सचिव सिद्धार्थन और जयभान सिंह पवैया समेत वरिष्ठ नेताओं को भेजी गई थी।
नई दिल्ली लोकसभा सीट से जिनके नामों का सुझाव दिया गया, उनके दिल्ली भाजपा प्रभारी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, दिल्ली भाजपा महासचिव राजेश भाटिया, सांसद मीनाक्षी लेखी शामिल हैं। ये तीनों ही उस चुनाव समिति के सदस्य हैं जिसे हाईकमान को नामों की सूची भेजने का जिम्मा सौंपा गया था। संभावित उम्मीदवारों की भेजी गई सूची में भाजपा महासचिवों- चांदनी चौक से रविंदर गुप्ता और पूर्वी दिल्ली से कुलजीत चहल और दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष विजेंदर गुप्ता के नाम भी शामिल थे। यह भी उस 15 सदस्यीय चुनाव समिति के सदस्य हैं।
जिन दिन केंद्रीय नेतृत्व को यह नाम सौंपे गए, उसी दिन क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भाजपा ज्वाइन की थी। हालांकि उनकास नाम दिल्ली भाजपा चुनाव समिति द्वारा भेजे गए 21 संभावित उम्मीदवारों की सूची से गायब था। उन्हें नई दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाने की संभावना है मगर बताया जाता है दिल्ली भाजपा के एक धड़े को इसपर आपत्ति है।
सूत्रों ने कहा कि जिस तरह से राज्य इकाई ने गंभीर के मसले को हैंडल किया, उससे भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व खुश नहीं था। सूत्रों के अनुसार, यह भी एक वजह थी जिसके चलते पार्टी ने उम्मीदवारों की घोषणा की तारीख बदल दी। एक सूत्रों ने कहा, “25 मार्च को घोषणा होनी थी मगर अब दो-तीन दिन और लग जाएंगे।”
भाजपा चुनाव प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। मंगलवार (26 मार्च) को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी यमुना विहार जिला कार्यालय में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन पूर्वी दिल्ली में कार्यक्रम करेंगे जिससे यह भी चर्चा तेज हो गई है कि क्या वह चांदनी चौक छोड़कर इस सीट से चुनाव लड़ेंगे।