चार राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझान अब धीरे-धीरे नतीजों में तब्दील हो रहे हैं। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस पार्टी के हाथ से राजस्थान और छत्तीसगढ़ खिसकता हुआ दिखा रहा है। छत्तीसगढ़ में हालांकि कांटे का मुकाबला है, लेकिन राजस्थान में बीजेपी पूर्ण बहुमत से काफी आगे जाती दिख रही है। राजस्थान की 230 विधानसभा सीटों पर बीजेपी 150 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस 70 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
सीपी जोशी पीछे
राजस्थान में कांग्रेस पार्टी के कई बड़े चेहरे अपनी सीट पर पीछे चल रहे हैं। इनमें सबसे बड़ा नाम विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी का है, जो अपनी सीट नाथद्वार से पीछे चल रहे हैं। शुरुआती मतगणना के 3 से ज्यादा घंटे पूरे होने के बाद सीपी जोशी 3 हजार से अधिक वोटों से पीछे हैं। यहां से बीजेपी उम्मीदवार विश्वराज सिंह मेवाड़ आगे हैं।
प्रताप सिंह खाचरियावास भी पीछे
बात करें राजस्थान कांग्रेस के एक और बड़े चेहरे की तो प्रताप सिंह खाचरियावास का नाम काफी बड़ा है। प्रताप सिंह खाचरियावास गहलोत कैबिनेट के मंत्री भी हैं। वह अपनी विधानसभा सीट सिविल लाइंस से करीब 4 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। यहां से भारतीय जनता पार्टी के गोपाल शर्मा आगे चल रहे हैं।
सचिन पायलट और गोविंद सिंह डोटासरा भी थे पीछे
शुरुआती रुझानों में राजस्थान कांग्रेस के दिग्गज नेता और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट से पीछे चल रहे थे, लेकिन 11 बजे की मतगणना के बाद उन्होंने इस सीट पर बढ़त बना ली। उन्होंने बीजेपी के सुभाष महरिया को पीछे कर दिया। वहीं राजस्थान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट टोंक विधानसभा सीट से पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने भी बाद में बढ़त हासिल कर ली। वह बीजेपी के अजीत सिंह मेहता से करीब 3 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं।
गोविंदराम राम मेघवाल
बीकानेर की खाजूवाला विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गोविंदराम राम मेघवाल हार की दहलीज पर पहुंच गए हैं। 14 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद गोविंदराम राम मेघवाल बीजेपी के विश्वनाथ मेघवाल से करीब 15 हजार से अधिक वोटों से पीछे चल रहे हैं। 2018 में गोविंद राम यहां से विधायक चुने गए थे। गोविंद राम मेघवाल राजस्थान कांग्रेस का बड़ा चेहरा हैं।