आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। राजनीतिक जोड़-घटाव के साथ सियासी ताकत दिखाने के इरादे से रैलियों का आयोजन शुरू हो गया है। बिहार में आगामी 3 फरवरी को कांग्रेस द्वारा जन आकांक्षा रैली का आयोजन किया गया है। संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस रैली में शामिल होंगे। रैली और राहुल गांधी के पटना आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता अभी से ही तैयारियों में जुट गए हैं। पटना की सड़कों पर कांग्रेस पार्टी के होर्डिंग और बड़े-बड़े बैनर नजर आने लगे हैं। इस बीच कांग्रेस नेताओं द्वारा पटना की सड़क पर एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें राहुल गांधी को भगवान राम के रूप में दिखाया गया है।
पोस्टर के ऊपरी हिस्से सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, मनमोहन सिंह, शक्ति सिंह गोहिल, कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह और नीचे के हिस्से में कांग्रेस नेता विजय कुमार सिंह, युवा कांग्रेस नेता आलोक हर्ष और कांग्रेस नेता डॉ. कमलदेव ना. शुक्ल की तस्वीर ली है। बीच में राहुल गांधी को तीर और धनुष के साथ भगवान राम के रूप में दिखाया गया है। जन आकांक्षा रैली में आम लोगों को शामिल होने की अपील करते हुए पोस्टर में लिखा है, “वे राम नाम जपते रहे, तुम बनकर राम जियो रे।”
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में सीटों के बंटवारे पर बातचीत अब तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई है लेकिन कांग्रेस को उम्मीद है कि तीन फरवरी को पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली होने के बाद सीटों के तालमेल पर जल्द निर्णय हो जाएगा। पार्टी ने गांधी मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष की ”जन आकांक्षा रैली” के लिए राजद के तेजस्वी यादव और महागठबंधन के दूसरे प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया है। कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत राहुल गांधी की रैली को सफल बनाने पर लगा दी है। पार्टी 28 वर्षों के बाद पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में अपने दम पर कोई रैली करने जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि पिछले कुछ सप्ताह में हुई बातचीत के दौरान कांग्रेस ने अपने लिए 15 सीटों पर जोर दिया, लेकिन कई नए सहयोगियों के साथ आने के कारण राजद उसकी इस मांग पर तैयार नहीं है। दरअसल, इस बार कई और पार्टियां महागठबंधन में शामिल हैं। इनमें उपेंद्र कुशवाहा की रालोसपा, पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी ”हम”, मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी और शरद यादव की पार्टी लोकतांत्रिक जनता दल शामिल है। वाम दलों के भी महागठबंधन में शामिल होने के आसार हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)

