उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले कांग्रेस को जबरदस्त झटका लगा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा चलाए जा रहे लड़की हूं लड़ सकती हूं अभियान की एक पोस्टर गर्ल पल्लवी सिंह भाजपा में शामिल हो गईं। इससे पहले दो और पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य और वंदना सिंह भी भाजपा में शामिल हो चुकी हैं।

पिछले 5 साल से भी अधिक समय से कांग्रेस से जुड़े होने का दावा करते हुए पल्लवी सिंह ने कहा कि कांग्रेस में 40% महिलाओं को टिकट देने की बात कही जा रही है लेकिन वहां महिलाओं को उचित सम्मान नहीं मिल रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस के टिकट वितरण के तरीके से खुश नहीं थी। मेरा मकसद सिर्फ पोस्टर पर आना नहीं था। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि मैं भाजपा में शामिल होकर पार्टी की सेवा करना चाहती हूं जिसका मौका मुझे कांग्रेस में नहीं दिया गया।

भाजपा नेता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने उन्हें बीजेपी में शामिल कराया। इस दौरान लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि कांग्रेस की 4 पोस्टर गर्ल में से 3 भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं और बहुमत हमारे पास है। हम दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे। 

इससे पहले गुरुवार को लड़की हूं लड़ सकती हूं की एक और पोस्टर गर्ल वंदना सिंह ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। वंदना सिंह ने भाजपा में शामिल होने के दौरान कहा कि उन्होंने दो विधानसभा सीटों में से एक से टिकट मांगा था लेकिन उनकी मांग को अनसुना कर दिया गया। वंदना ने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उसकी अनदेखी की।

वहीं जनवरी महीने में कांग्रेस में टिकट वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए प्रियंका मौर्य ने भी पार्टी छोड़ दी थी और भाजपा में शामिल हो गईं। प्रियंका मौर्य लड़की हूं, लड़ सकती हूं के पोस्टर में शामिल थी। उन्होंने प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह पर घूस मांगने का आरोप लगाया था। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं पर टिकट नहीं पा सकी क्योंकि मैं ओबीसी थी और प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को घूस नहीं दे सकी। प्रियंका मौर्य ने यह भी लिखा था कि कांग्रेस में जातिवाद के कारण विधायक नरेश सैनी को पार्टी छोड़नी पड़ी। पार्टी में जो धांधली चल रही है इसके खिलाफ किसी की भी बोलने की हिम्मत नहीं है।