उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि देश की समस्याओं का नाम कांग्रेस है।आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार आदि सभी समस्याएं कांग्रेस की देन है। वे शनिवार को नैनीताल संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट के समर्थन में हल्द्वानी के एमबी इंटर कालेज में आयोजित भाजपा की विजय संकल्प रैली को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

जनसभा में पहुंचने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका पहाड़ी टोपी पहना कर स्वागत किया। योगी ने कहा कि यूसीसी और नकल विरोधी कानून बनाकर मुख्यमंत्री धामी ने इतिहास पेश किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में देश ने गौरव की नई ऊंचाइयों को छुआ है।

नरेंद्र मोदी का शासनकाल स्वर्णिम काल है और भारत इन 10 वर्षों में पूरे विश्व में मजबूत होकर उभरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र देकर राम और कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे। कांग्रेस ने भारतीय विरासत और आस्था पर जमकर प्रहार किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार ने राम और कृष्ण की विरासत को स्वीकार किया और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण किया। उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ धाम को नई पहचान दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में उनके शासनकाल से पहले बमबाजी होती थी। अब हर-हर, बम-बम के उद्घोष के साथ कांवड़ यात्रा निकलती है।

उत्तर प्रदेश में अपराधियों को गलतफहमी थी कि उत्तर प्रदेश में अपराध करके उत्तराखंड भाग जाएंगे लेकिन मैं उन्हें इस लायक छोडूंगा ही नहीं कि वो देवभूमि को अपवित्र कर सकें। योगी ने कहा कि कांग्रेस के समय अराजकता का राज था, तुष्टिकरण की राजनीति होती थी। आज जो परिवर्तन देखने को मिला है वो आपके वोट ने किया है। आज मोदी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत के दर्शन हो रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तराखंड अनेक महापुरुषों को जन्म देने वाली पावन धरती है। उत्तराखंड के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत, नारायण दत्त तिवारी और हेमवती नंदन बहुगुणा को इसी धरती ने जन्म दिया है। ऐसी धरती को कोटि कोटि नमन करता हूं।

देवभूमि के कंकड़-कंकड़ में शंकर है। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि योगी ने यूपी में जो कार्य किए हैं उनकी धमक देश दुनिया में हैं। आज सभी लोग उन्हें बुलडोजर बाबा के नाम से जानने लगे हैं। एक समय उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था। अब उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश और उत्कृष्ट प्रदेश बन गया है।