Bastar Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों के ऐलान से पहले ही देशभर में सियासी गतिविधियां शुरू हो गई हैं। तमाम राजनीतिक दलों ने अभी से चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे ही छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा सीट एक महत्वपूर्ण सीट है। बस्तर लोकसभा सीट से वर्तमान में कांग्रेस के दीपक बैज सांसद हैं।

छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से बस्तर लोकसभा सीट महत्वपूर्ण सीटों में से एक है। एक तरफ जहां बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस से वर्तमान सांसद दीपक बैज लोकसभा क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे हैं, तो दूसरी तरफ बीजेपी के भी उम्मीदवार अपनी जीत का दावा करते हुए लगातार क्षेत्र में दौरा कर रहे हैं।

पिछले चुनाव में कांग्रेस को मिली थी जीत

बस्तर लोकसभा सीट में हमेशा से ही कांग्रेस और बीजेपी के बड़े नेताओं की नजर टिकी होती है। इस लोकसभा सीट में 6 जिले आते हैं। चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर होती है। साल 2004 के लोकसभा चुनाव से साल 2019 के लोकसभा चुनाव तक बस्तर लोकसभा सीट में बीजेपी के ही प्रत्याशी चुनाव जीतते आ रहे हैं, हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को इस सीट से हार मिली और कांग्रेस से दीपक बैज चुनाव जीते। इस बार भी माना जा रहा है कि बस्तर लोकसभा सीट से दीपक बैज ही कांग्रेस से टिकट के दावेदार हो सकते हैं।

ये हो सकते हैं कांग्रेस के उम्मीदवार

इनके अलावा बस्तर के विधायक लखेश्वर बघेल, कोंटा विधायक कवासी लखमा, कोंडागांव के पूर्व विधायक मोहन मरकाम, नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप और कवासी लखमा के बेटे हरीश कवासी और महिला प्रत्याशी भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी में से किसी को भी कांग्रेस पार्टी टिकट दे सकती हैं।

इन्हें टिकट दे सकती है भाजपा

वहीं बीजेपी के उम्मीदवारों की बात की जाए तो इनमें सबसे पहला नाम पूर्व सांसद दिनेश कश्यप का है। इसके अलावा पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, कोंडागांव की वर्तमान विधायक लता उसेंडी, केशकाल के विधायक नीलकंठ टेकाम, और विधायक बैदुराम कश्यप, चित्रकोट के पूर्व विधायक लछुराम कश्यप , प्रदेश महामंत्री सुभाउराम कश्यप, बीजेपी जिला अध्यक्ष रुपसिंह मंडावी और जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप उम्मीदवारों की लिस्ट में शामिल हैं।

बस्तर में कितनी विधनसभाएं?

आदिवासी बहुल बस्तर संभाग में 7 जिले आते हैं। ये हैं बस्तर,कांकेर,दंतेवाड़ा,बीजापुर,नारायणपुर,सुकमा, कोंडागांव। 7 जिलों के संभाग में यहां छत्तीसगढ़ की 12 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट है। बस्तर संभाग की 12 विधानसभा सीटों में 11 विधानसभा सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) और एक सीट सामान्य है। इनमें बस्तर, कांकेर, चित्रकोट, दंतेवाड़ा, बीजापुर, कोंटा, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर की सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं। वहीं जगदलपुर विधानसभा सीट सामान्य है।

लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम

2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को इस सीट से हार मिली और कांग्रेस से दीपक बैज चुनाव जीते थे। दीपक को 4.02 लाख वोट मिले थे। वहीं, दूसरे स्थान पर रहे भाजपा के बैदू राम कश्यप को 3.63 लाख को वोट मिले थे। दीपक बैज ने 38982 वोटों से बीजेपी उम्मीदवार को हराया था।

बस्तर सीट पर जातीय समीकरण

बस्तर लोकसभा सीट पर महिला मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। बस्तर में 2014 में 12 लाख 98 हज़ार के करीब मतदाता थे। 3 लाख 87 हज़ार 112 पुरुष मतदाताओं ने वोट डाले थे जबकि महिला वोटरों की संख्या 3 लाख 82 हज़ार 801 है। बस्तर लोकसभा सीट की खासियत यहां आदिवासियों की आबादी भी है। यहां 70 फीसदी आदिवासी वोटर हैं। इस सीट पर शहरी मतदाता बहुत कम महज 15.23 फीसदी हैं। इस लोकसभा क्षेत्र की आबादी 20 लाख 64 हज़ार से ज्यादा है। एसटी के लिए यह सीट सुरक्षित है।