Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के साथ ही राजस्थान में भाजपा के लिए पिछला नतीजा बरकरार रखना अब चुनौती बन गया है। भाजपा ने पिछले लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटें जीतीं थी। इस बार उसके लिए हालात बदले हुए हैं। प्रदेश में जो परिपाटी बन गई है उसके हिसाब से जिसकी राज्य में सत्ता होती है, उसे ही लोकसभा में ज्यादा सीटें मिलती हैं। भाजपा के लिए 2014 के बाद हुए लोकसभा के दो उपचुनाव में हार मिलीं थी। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव के दौरान ही दौसा के सांसद हरीश चंद मीणा ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया था। इसके कारण अभी भाजपा के 25 में से 22 सांसद ही हैं। प्रदेश में हुए सियासी बदलाव ने भी भाजपा के लिए परेशानी खड़ी कर दी है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन लाल सैनी का कहना है कि विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी ने अपनी रणनीति में भी बड़ा बदलाव किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं का पूरा फोकस अपने बूथ पर है। पार्टी ने बूथ जीता तो चुनाव जीता का मंत्र अपने कार्यकर्ताओं को दिया है। कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ चुनावी मैदान में उतर गए हैं। प्रदेश स्तर पर संगठन ने अपनी कमजोरियों को दूर कर कार्यकर्ताओं को चाक चौबंद कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष सैनी का दावा है कि केंद्र सरकार ने जो ऐतिहासिक काम किए हैं, उसकी बदौलत भाजपा एक बार फिर से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाएगी।

प्रदेश भाजपा ने इस बार जो सभी 25 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है, उसे ही कार्यकर्ताओं के लिए चुनौती बना दिया है। प्रदेश में इस बार 4 करोड 86 लाख 3 हजार 329 मतदाता अपने 25 लोकसभा सदस्य चुनेंगे। भाजपा इस बार कई संसदीय सीटों पर नए चेहरे भी उतारने की तैयारी में है। पार्टी को अजमेर, अलवर और दौसा में तो नए उम्मीदवार तय करने ही है। इसके साथ ही करीब एक दर्जन सीटों पर भी नए चेहरों पर दांव खेलने की तैयारी में है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पिछले दिनों जयपुर का दौरा कर वरिष्ठ नेताओं से गहन मंत्रणा की थी। इसके बाद से ही नए उम्मीदवारों की खोज भी की गई। पार्टी के कई केंद्रीय नेता भी अलग अलग संभागों का दौरा कर संभावित उम्मीदवारों के बारे में स्थानीय कार्यकर्ताओं से राय मशविरा कर चुके हैं। प्रदेश के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर लगातार यहां रह कर संभावित दावेदारों के साथ ही जमीनी कार्यकर्ताओं की रायशुमारी कर रहे हैं।

पार्टी सभी 25 सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतर रही है। प्रदेश में दूसरे दल की सत्ता होने का कोई फर्क नहीं पडेगा। विधानसभा चुनाव के दौरान जनता में राज्य सरकार के प्रति थोड़ी नाराजगी थी पर केंद्र की राजग सरकार से आम आदमी खुश है।
-मदन लाल सैनी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता की बदौलत पार्टी की स्थिति मजबूत है। पार्टी को उम्मीद है कि प्रदेश में जो परिपाटी है कि जिसकी सरकार होती है उसकी ज्यादा सीटें आती हैं वह इस बार टूट जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता के आगे विपक्षी दल बौने साबित होंगे।
-मदन दिलावर
प्रदेश भाजपा महासचिव और विधायक