बीएन चंद्रप्पा को तत्काल प्रभाव से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांग्रेस पार्टी की तरफ से रविवार (9 अप्रैल) को यह जानकारी दी गयी।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने अनुसूचित जाति के नेता और पूर्व सांसद बीएन चंद्रप्पा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। दरअसल, कर्नाटक कांग्रेस में पांच कार्यकारी अध्यक्ष हैं। इनमें से एक का हाल ही में निधन हो गया था, उन्हीं की जगह चंद्रप्पा की नियुक्ति हुई है। अब तक डीके शिवकुमार कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का पद संभाल रहे थे। वहीं, विधानसभा चुनाव से महज एक महीने पहले पार्टी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार को हटा दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह नियुक्ति की है। बता दें कि कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष आर. ध्रुवनारायण का बीते महीने निधन हो गया था। अब आर. ध्रुवनारायण की जगह बीएन चंद्रप्पा की नियुक्ति की गई है।
कांग्रेस ने 166 सीटों के लिए की उम्मीदवारों की घोषणा
वहीं, डीके शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि वह एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अधीन काम करना उन्हें पसंद है। उन्होंने संकेत दिया कि अगर खड़गे को मुख्यमंत्री पद दिया जाता है तो वह मुख्यमंत्री पद पर नजर नहीं रखेंगे। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 224 सीटों में से 166 के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। 58 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा होना बाकी है। कांग्रेस ने गुरुवार (6 अप्रैल) को 42 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी। इससे पहले कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में 124 उम्मीदवारों के नाम जारी किए थे।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को होगा मतदान
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन कर सूची जारी की थी। कांग्रेस की पहली सूची में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार के नाम शामिल थे। सिद्धारमैया को कांग्रेस पार्टी ने वरुण निर्वाचन क्षेत्र से और डीके शिवकुमार को कनकपुरा से उम्मीदवार बनाया है। गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को मतदान होगा। वहीं 13 मई 2023 को नतीजे घोषित किए जाएंगे।