Mizoram Election Result: मिजोरम विधानसभा चुनाव की मतगणना को लेकर तारीख बदल दी गई है। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को बताया कि मिजोरम चुनाव की मतगणन 3 दिसबंर की बजाय 4 दिसंबर को होगी। इसी बीच शनिवार को मिजोरम बीजेपी अध्यक्ष वनलालमुआका ने कहा कि पार्टी इस बार एग्जिट पोल की उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करेगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मिजोरम पार्टी अध्यक्ष वनलालमुआका ने कहा कि पार्टी इस बार एग्जिट पोल की उम्मीदों से अच्छा प्रदर्शन करेगी, क्योंकि राज्य में एग्जिट पोल करना बहुत मुश्किल है। उन्होंने कहा कि इस बार हम 5 सीटों पर जीत की उम्मीद कर रहे हैं। हम यहां अपने राज्य में बड़े सुधार की उम्मीद कर रहे हैं।’ मिजोरम में 40 विधानसभा की सीटें हैं। बीजेपी इस चुनाव में 23 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। मिजोरम में 7 नंवबर को वोटिंग हुई थी।

निर्वाचन आयोग शुक्रवार को बताया, ‘मिजोरम के लोगों के लिए रविवार का विशेष महत्व है। इस वजह से मिजोरम में मतगणना की तारीख में बदलाव किया गया है। तारीख बदलने को लेकर हमसे कई लोगों ने कहा था।’

तीन दिसंबर को रविवार हैं। रविवार के दिन ईसाई समुदाय के लोग खास तौर पर चर्च जाते हैं। इसी वजह से तारीख में बदलाव किया गया है। राज्य में 87 फीसदी ईसाई समुदाय की आबादी है। लोगों की मांग थी कि रिजल्ट की तारीख में बदलाव किए जाएं। वहीं इस बीच कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग ने इतनी देर क्यों कर दी।

कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि राजनीतिक दलों ने पहले ही मिजोरम में चुनाव रिजल्ट की तारीख का बदलाव कर चार दिसंबर को करने को कहा था। एक महीने पहले ये ही मांग रखी गई थी, लेकिन चुनाव आयोग चुप रहा। कुछ देर पहले ही तारीख आगे बढ़ाई गई है। इतना सरल और स्पष्ट कदम उठाने में देरी क्यों?

क्या कहते हैं एग्जिट पोल?

एबीपी न्यूज-सी वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक, सत्ताधारी दल मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) को 40 सीटों में से 15 से 21 सीटें मिल सकती हैं। वहीं जोराम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) को 12 से 18 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है। इसके अलावा कांग्रेस 2 से 8 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है।

इंडिया टीवी-सीएनएक्स के पोल में कहा गया है कि MNF को 14 से 18 सीटें हासिल हो सकती हैं। वहीं जोराम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) को 12-16 सीटें हासिल हो सकती हैं तो कांग्रेस को 8-10 और भाजपा को दो सीटें मिलने का अनुमान है।