Rajasthan Assembly Election 2023 BJP 5th Candidate List: भाजपा ने राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 15 उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर दी। इस सूची में भरतपुर से विजय बंसल, हनुमानगढ़ से अमित चौधरी, सरदारशहर से राजकुमार रिणवा, शाहपुरा से उपेन यादव, कोटा उत्तर से प्रह्लाद गुंजल, राजखेरा से नीरजा अशोक शर्मा, मावली से केजी पालीवाल को टिकट दिया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति ने सभी नामों को अपनी स्वीकृति दे दी है।
अब तक कुल 198 उम्मीदवारों के नामों का हो चुका है ऐलान
इस सूची में कुछ नए चेहरे शामिल हैं। सूची में एक विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार बदल दिया गया है। पांचवीं सूची के साथ पार्टी अब तक 200 में से 198 सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी ने मावली (उदयपुर) से मौजूदा विधायक धर्मनारायण जोशी का टिकट काटकर केजी पालीवाल को मैदान में उतारा है।
पूनम कंवर भाटी की जगह अंशुमान सिंह भाटी को टिकट
पार्टी ने दो नवंबर को जारी तीसरी सूची में पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी की पुत्रवधू पूनम कंवर भाटी के नाम की घोषणा की थी। अब रविवार को पांचवीं सूची में पूनम कंवर भाटी की जगह उनके बेटे अंशुमान सिंह भाटी ने ले ली है। हनुमानगढ़ से अमित चौधरी, कोलायत से अंशुमान सिंह भाटी, सिविल लाइंस से गोपाल शर्मा, किशनपोल से चंद्रमोहन बटवाड़ा, आदर्श नगर से रवि नैय्यर और शेरगढ़ से बाबू सिंह राठौड़ को टिकट दिया गया है। शाहपुरा, राजाखेड़ा, मसूदा, पीपल्दा और बारां-अटरू सीट के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की गई। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख छह नवंबर है।
इससे पहले बीजेपी ने 10 अक्टूबर को 41 उम्मीदवारों के नामों के साथ पहली लिस्ट जारी की थी। इसमें सात मौजूदा सांसदों के भी नाम थे। राज्य में कुल 200 सीट हैं, जिनके लिए 25 नवंबर को मतदान होना है। राज्य में पार्टी का मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस से है। कांग्रेस पार्टी में आंतरिक विरोध और नेताओं में मतभेद के साथ ही एंटी इंकम्बेसी को लेकर बीजेपी को उम्मीद है वह राज्य में अच्छा प्रदर्शन करेगी।