आरजेडी के नेता पूर्व सांसद रामा सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ पूर्व सांसद ने मंगलवार को RJD की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव त्याग पत्र भेज दिया है। वह हाल ही में RJD में शामिल हुए थे। यह भी जानकारी सामने आ रही है कि रामा सिंह एलजेपी रामविलास में शामिल होंगे।
रामा सिंह के RJD छोड़ने की वजह शिवहर या वैशाली से टिकट काटे जाने को भी माना जा रहा है। उन्हें टिकट नहीं मिला तो वह पार्टी से नाराज बताए जा रहे थे।
रामविलास पासवान के साथ रहा खासा दोस्ताना
रामा सिंह बिहार की राजनीति में खासा प्रभाव रखने वाले नेता रहे हैं, वह पांच बार विधायक और एक बार सांसद भी रहे है। LJP का दामन छोड़ वह RJD में शामिल हुए थे। जब वह LJP में तो उनका रामविलास पासवान के साथ खासा दोस्ताना माना जाता था। जब RJD ने वैशाली लोकसभा से मुन्ना शुक्ला को टिकट दिया तो रामा सिंह की नाराजगी उभर कर सामने आई थी और अब वह पार्टी से अलग हो गए हैं।
कौन हैं रामा सिंह?
राम किशोर सिंह बिहार के वैशाली से सांसद रहे हैं। उन्होंने लोक जन शक्ति पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर 2014 में लोकसभा चुनाव जीता था। उन्होंने राजद के उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह को करीब 1 लाख वोटों से हराया थे। आपराधिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद उन्हें राजपूत जाति से काफी समर्थन प्राप्त है। उन्होंने 15 सितंबर 2015 को LJP के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उस वक़्त रामा सिंह ने रामविलास पासवान की पार्टी पर संगठन में लोकतंत्र ख़त्म हो जाने का आरोप लगाया था। रामा सिंह पर हत्या और अपहरण सहित कई अपराधों का आरोप लगाया है। वह महनार निर्वाचन क्षेत्र से कई बार बिहार विधान सभा के सदस्य रहे हैं।