कांग्रेस की शानदार जीत में राज्यस्तरीय नेताओं की बनाई स्थानीय रणनीति के साथ ही पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का भी भावनात्मक असर रहा है। पार्टी के मुताबिक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 20 विधानसभा सीटों से गुजरी जिनमें से 15 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। यह यात्रा सबसे अधिक 21 दिन कर्नाटक में ही रही।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता और राज्यसभा के सांसद जयराम रमेश ने ट्वीट किया कि कर्नाटक में जीत ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का सीधा प्रभाव है। इस यात्रा के कई अमूर्त प्रभाव भी रहे जिनमें पार्टी को एकजुट करना, कैडर को पुनर्जीवित करना और कर्नाटक चुनाव की तैयारी शामिल हैं।
इसके साथ ही इस दौरान राहुल गांधी का कर्नाटक के लोगों से हमारे घोषणापत्र में गारंटी और वादों पर चर्चा करके उन्हें अंतिम रूप दिया गया। कांग्रेस पार्टी ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कर्नाटक के सात जिलों से होकर गुजरी। इन सात जिलों में 20 सीटें हैं।
इसमें से 15 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। रमेश ने एक चार्ट भी जारी किया जिसमें 2018 विधानसभा चुनाव के नतीजों से शनिवार को आए परिणामों की तुलना की गई। चार्ट के मुताबिक इन 20 विधानसभा सीटों में से 2018 में कांग्रेस के पास केवल पांच सीटें ही थीं। यात्रा के सहयात्री रहे योगेंद्र यादव ने भी ट्वीट कर कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ जहां जहां से गुजरी वहां की अधिकतर सीटें कांग्रेस ने जीतीं।

राहुल गांधी ने सात सितंबर, 2022 को कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की। 150 दिनों तक चली इस यात्रा के दौरान यात्रियों ने 3,750 किलोमीटर की पैदल यात्रा की थी। यह यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों से गुजरी। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 30 जनवरी, 2023 को श्रीनगर में समाप्त हुई। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी आम लोगों से मिलते और उनसे बातचीत करते थे।