नवंबर 2023 में 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में 4 राज्यों के नतीजे आज आ जाएंगे। शुरुआती रुझानों में बीजेपी अच्छी स्थिति में दिख रही है। मध्य प्रदेश और राजस्थान के रुझानों में बीजेपी शतक लगा चुकी है। वहीं छत्तीसगढ़ में उसकी बढ़त ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। तेलंगाना में कांग्रेस सरकार बनाती दिखाई दे रही है। मध्य प्रदेश में रुझानों में बीजेपी 230 सीटों में से 150 पर आगे चल रही है। वहीं राजस्थान की 199 सीटों में से 115 पर बीजेपी बढ़त बनाए हुए हैं। तेलंगाना की बात करें तो यहां विधानसभा की कुल 119 सीटों में से 70 पर कांग्रेस आगे चल रही है।
मध्य प्रदेश में भाजपा फिर बनाएगी सरकार
मध्य प्रदेश की बात करें तो शुरुआती रुझानों में 230 में से 150 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। कांग्रेस काफी पीछे है। वह 70 सीटों पर आगे है। बसपा 2 और अन्य 1 सीट पर आगे है। 2018 में हुए पिछले चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। कमलनाथ की अगुआई में कांग्रेस ने सरकार बनाई थी। मार्च 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा से जुड़ गए थे। इसके बाद कांग्रेस की सरकार गिर गई थी। शिवराज सिंह चौहान की अगुआई में भाजपा ने सरकार बनाई थी।
राजस्थान में भाजपा मजबूत स्थिति में
राजस्थान की बात करें तो शुरुआती रुझानों में 199 में 115 सीटों पर भाजपा आगे है। कांग्रेस 71,अन्य 11 और बसपा 3 सीटों पर आगे है। राजस्थान में हर पांच साल पर सरकार बदलने का रिवाज रहा है। इस बार भी स्थिति ऐसी ही दिख रही है। भाजपा सत्ता में वापसी करती दिखाई दे रही है। 2019 में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया था। 100 सीटों के साथ अशोक गहलोत की अगुआई में सरकार बनाई थी।
छत्तीसगढ़ में क्या है स्थिति
छत्तीसगढ़ में कांंग्रेस को झटका लगता दिख रहा है। कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी सत्ता में वापसी करेगी। हालांकि, रुझान इसके उलट संकेत दे रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस के बीच लगभग 20 सीटों का अंतर है। रुझानों में भाजपा 90 में से 53 सीटों पर आगे है। कांग्रेस 35 सीटों पर आगे है। पिछली बार कांग्रेस ने भूपेश बघेल की अगुआई में सरकार बनाई थी।
तेलंगाना में कांग्रेस ड्राइविंग सीट पर
तेलंगाना की बात करें तो यहां विधानसभा की कुल 119 सीटों में से 71 पर कांग्रेस आगे चल रही है। रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिख रहा है। भाजपा को भी यहां फायदा मिलता दिख रहा है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम की हालत खराब दिख रही है। बीआरएस 37 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है। भाजपा 8 सीटों पर आगे है।