युवाओं के बाद अब कांग्रेस पार्टी की नजर आधी आबादी पर है। कांग्रेस पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पहले ही युवाओं के लिए अपनी गारंटी घोषित कर चुकी है। अब पार्टी जल्द ही महिलाओं के लिए भी एक गारंटी कार्ड लेकर आ रही है। यह गारंटी कार्ड पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जारी करेंगे। यह पहल भी इस बार भारत जोडो न्याय यात्रा के दौरान ही होगी।

इस यात्रा के जरिए कांग्रेस पार्टी लगातार आम जनता से जुड़े मसलों को उठा रही है और उन्हें आगामी लोकसभा के चुनाव अभियान से जोड़ रही है। सामान्य तौर पर अब तक की परंपरा रही है कि राजनीतिक दल अपने बड़े वादों का ऐलान अपने चुनावी घोषणा पत्र के माध्यम से करती है। इस घोषणा पत्र को बनाने की तैयारियां भी कांग्रेस पार्टी कर रही है।

कांग्रेस पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस बार चुनावी घोषणा पत्र की मुख्य योजनाएं पहले ही जनता के सामने होगी। इन्हें कांग्रेस पार्टी बतौर चुनावी गारंटी के तौर पर पेश कर रही है और इसके लिए कांग्रेस शासित राज्यों की योजनाओं को आधार बनाया जा रहा है। इस माडल के आधार पर ही जल्द ही महिलाओं के लिए न्याय की गारंटी घोषित होती।

इसे पार्टी ने कांग्रेस न्याय गारंटी का नाम दिया है और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की यात्रा के दौरान ही इन गारंटियों का ऐलान किया जाएगा। इसके लिए पार्टी ने धुले में एक सभा भी रखी है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हमारी गारंटी इस देश के लोगों से हमारा वादा है क्योंकि हम इस देश के गरीब लोगों के साथ खड़े होने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि जो इस देश में गरीब लोग हैं हम उनके लिए खड़े हैं।

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस समय भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से देशभर में आम जनता से जुड़ रहे हैं और अब यह यात्रा अपने आखिरी पड़ाव की तरफ है। यात्रा का समापन 17 मार्च को होगा। इस दिन मुंबई में एक बड़ी रैली के आयोजन की भी तैयारियां की जा रही है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी की यात्रा समापन कार्यक्रम के अंदर पार्टी ने गठबंधन के सभी दलों को आमंत्रित किया है।

इस समापन कार्यक्रम के माध्यम से विपक्ष अपना एक शक्ति प्रदर्शन दिखाने की कोशिश करेगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक देश में भले ही अभी चुनाव घोषित नहीं हुए हो लेकिन जिस प्रकार से अन्य दलों ने अपने चुनावी चेहरे घोषित करके अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है।

उसी प्रकार यह न्याय यात्रा सभी पार्टी के लिए एक बड़ा अवसर है और इसका लाभ पार्टी आगामी चुनाव में उठाना चाहेगी। इस यात्रा के लिए अन्य सहयोगी दलों के अतिरिक्त आम जनता का समर्थन भी मिल रहा है। इस समर्थन को ही पार्टी आगामी चुनाव में अपने वोट बैंक में बदलने की कोशिश करेगी।