Lok Sabha Election 2019 को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन करने की बात कही थी, लेकिन यह गठबंधन होने से पहले ही मुसीबतें सामने आ गईं। पार्टी के बड़े सिख नेताओं ने संभावित गठबंधन करने पर ऐतराज जताते हुए पार्टी छोड़ने की धमकी तक दे डाली। बता दें कि आप के तीन सिख विधायक दिल्ली विधानसभा में हैं। विधायकों की धमकी से आप मुसीबतों में घिरती दिख रही है।
क्या है पूरा मामलाः आप के सिख विधायकों ने शनिवार (20 अप्रैल) को कांग्रेस से गठबंधन होने की स्थिति में पार्टी छोड़ने की धमकी दे दी। दिल्ली विधानसभा में आप के मुख्य सचेतक और विधायक जगदीप सिंह और हरिनगर के विधायक ने गठबंधन पर आपत्ति जताई। राजौरी गार्डन के पूर्व विधायक जरनैल सिंह, जो पंजाब विधानसभा चुनावों के दौरान प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ चुनाव हार गए थे, उन्होंने भी संभावित टाई-अप के खिलाफ असंतोष व्यक्त किया है। पार्टी के सिख विधायकों का मानना है कि वे बहुत पहले से ही कांग्रेस में भ्रष्टाचार का विरोध कर रहे हैं। अब उनमें ऐसा क्या बदलाव आ गया है कि पार्टी को गठबंधन करना पड़ रहा है।
वहीं सिख विधायकों ने 1984 के सिख विरोधी दंगे के मामले में आरोपी जगदीश टाइटलर के कांग्रेस के साथ जुड़े रहने के पर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि जब तक कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी दंगों के लिए माफी नहीं मांगेंगे तब तक उनके साथ कोई गठबंधन नहीं हो सकता है।
कांग्रेस को दिल्ली की जनता ने नकाराः वहीं हरिनगर के आप विधायक ने कांग्रेस पर वार करते हुए कहा, ‘आम आदमी पार्टी कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई से ही पैदा हुई थी। कांग्रेस और भाजपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जंतर-मंतर पर हमने महीनों तक कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कभी नहीं बदलेगी। दिल्ली के लोगों ने कांग्रेस और सभी पारंपरिक दलों को खारिज कर दिया है। अब क्या बदल गया है?’
National Hindi News, 21 April 2019 LIVE Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें
दिल्ली की लोकसभा सीटों की जानकारी के लिए क्लिक करें
बीजेपी को हराने के लिए एकजुटः एक तरफ जहां आप के नेता कांग्रेस के साथ गठबंधन पर ऐतराज जता रहे हैं वहीं आप के कुछ विधायकों का मानना है कि बीजेपी को हराने के लिए गठबंधन करना जरूरी है। आप के कालकाजी के विधायक अवतार सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘हमें अब यह सोचना चाहिए कि देश और संविधान को कैसे बचाया जाए। पहले देश और कौम की सेवा।’

