कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार ने केंद्र सरकार में महिलाओं की नौकरियां 42 फीसद घटाई है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी 2025 से केंद्र सरकार की नई नियुक्तियों में आधी नौकरियां (50 फीसद) महिलाओं के लिए सुनिश्चित करने की गारंटी देगी। खरगे ने गुरुवार को एक्स पर लिखा कि केन्द्र सरकार के 30.87 लाख पदों पर, महिलाओं की भागीदारी केवल 10.93 फीसद ही बची है। महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण कांग्रेस पार्टी के लिए सर्वोपरि है।
दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय होगा ‘युगे युगीन’
दिल्ली में बनने वाला ‘युगे युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय’ दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय होगा। राष्ट्रीय राजधानी के नार्थ ब्लाक और साउथ ब्लाक में बनने वाला यह नया संग्रहालय 1.17 लाख वर्गमीटर क्षेत्र में फैला होगा, जिसमें एक भूमिगत तल और तीन मंजिलों पर 950 कमरे होंगे। फ्रांस की सरकार दिल्ली में बनने वाले नए राष्ट्रीय संग्रहालय के लिए भारत के साथ साझेदारी करेगी।
फ्रांस के एक शीर्ष अधिकारी तथा विशेषज्ञों की टीम ने ‘इस दिशा में अगले कदम’ को लेकर चर्चा की। फ्रांस के दूतावास ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ‘युगे युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय’ में आठ विषयगत खंड बनाए जाएंगे जो भारत की 5,000 वर्षों की कहानी बताएंगे। फ्रांस के अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम के दौरे के बाद भारत में फ्रांस के दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘जैसा कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है- फ्रांस नई दिल्ली में बनने वाले नए राष्ट्रीय संग्रहालय के लिए भारत के साथ साझेदारी करेगा। आरेलियन लेचेवलियर और विशेषज्ञों की एक टीम ने सोमवार को इस सहयोग में अगले कदमों पर चर्चा की और जहां संग्रहालय बनाया जाना है वहां का दौरा किया।’
फ्रांस के दूतावास ने बैठक की तस्वीरें भी साझा कीं, जिसमें फ्रांस की ओर से वैश्विक एवं सांस्कृतिक मामलों के महानिदेशक लेचेवेलियर और अन्य प्रतिनिधि तथा भारत की ओर से केंद्रीय सांस्कृतिक सचिव गोविंद मोहन तथा संस्कृति मंत्रालय के अन्य अधिकारी मौजूद थे। इस संग्रहालय के आठ खंडों में प्राचीन भारतीय ज्ञान, प्राचीन से मध्यकाल, मध्यकालीन से बदलाव का दौर, आधुनिक भारत, औपनिवेशिक शासन (ब्रिटिश, डच, पुर्तगाली और अन्य के शासन का ब्योरा), स्वतंत्रता संग्राम और 1947 के बाद से अब तक के भारत के बारे में बताया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 जुलाई को दिल्ली में आयोजित एक समारोह में युगे-युगीन भारत राष्ट्रीय म्यूजियम की घोषणा की थी।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जनपथ स्थित नेशनल म्यूजियम की कलाकृतियों और अन्य संग्रह को अब इसी म्यूजियम में रखा जाएगा। मौजूदा नेशनल म्यूजियम को कर्तव्य पथ का ही एक उप भवन बना दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 मई 2023 को प्रगति मैदान में इंटरनेशनल म्यूजियम एक्सपो के मौके पर इस म्यूजियम का वर्चुअल वाक थ्रू लांच किया था। डिजिटल माध्यम से परियोजना की झलक दिखाई गई थी।