2019 Lok Sabha Election: आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने यूपी में महान दल से गठबंधन किया था। गठबंधन के बाद चुनाव प्रचार में जुटे महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्या ने ऐसा बयान दिया, जिस पर विवाद हो सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्याशी मत देखना, हाथ का पंजा देखकर वोट दे देना, प्रत्याशी अच्छा हो, खराब हो या पाकिस्तान से भी हो, हमें कोई ऐतराज नहीं है।’’ बता दें कि हाल ही में प्रियंका गांधी की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस से गठबंधन किया था।

बता दें कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस की महासचिव और पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी कुछ दिन पहले लखनऊ आई थीं। उनकी मौजूदगी में 12 फरवरी को महान दल और कांग्रेस के बीच गठबंधन हुआ था। इसके बाद रविवार (24 फरवरी) को मुरादाबाद में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्या ने कहा, ‘‘प्रत्याशी मत देखना, हाथ का पंजा (कांग्रेस का चुनाव चिह्न) देख लेना, उसी पर वोट दे देना, प्रत्याशी कोई भी हो, अच्छा हो, खराब हो, पाकिस्तान से भी आकर लड़े, महान दल को कोई ऐतराज नहीं होगा।’’

बता दें कि महान दल से गठबंधन होने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा था कि वे केशव देव मौर्या का स्वागत करती हैं और हम आगामी लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। प्रियंका गांधी ने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हमें लक्ष्य दिया है कि ऐसे राजनीतिक दल का निर्माण हो, जिसमें सभी का प्रतिनिधित्व हो। इसके बाद मौर्य ने कहा था कि 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में भी महान दल और कांग्रेस का गठबंधन रहा है।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। हाल ही में कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव बनाने के बाद पूर्वी यूपी की कमान भी सौंपी है। इसके अलावा सपा-बसपा ने गठबंधन ने भी सीट बंटवारे के ऐलान कर दिया। वहीं, बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व लगातार यूपी में रैलियां कर रहा है।