यूपी में बीजेपी ने विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत हासिल की है। सपा की सीटें तो बढ़ी हैं लेकिन वो सत्ता से इस बार भी काफी दूर खड़ी है। इस चुनाव में योगी सरकार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई मंत्रियों की हार हुई है, लेकिन बीजेपी के कुछ उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जो एक लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीते हैं। इसमें सीएम योगी, पंकज सिंह, सुनील कुमार शर्मा, श्रीकांत शर्मा जैसे दिग्गज शामिल हैं। आईए उन 10 उम्मीदवारों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने एक लाख के अंतर से जीत हासिल की है।
सीएम योगी आदित्यनाथ: यूपी के गोरखपुर शहर सीट से चुनावी मैदान में थे। उनके सामने सपा ने भाजपा के ही पुराने दिग्गज की पत्नी को मैदान में उतारा था। भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर भी मैदान में थे। माना जा रहा था कि यहां मुकाबला काफी टफ होगा, लेकिन जब रिजल्ट आया तो सीएम योगी 1.3 लाख के अंतर से जीत हासिल किए। सपा उम्मीदवार नंबर दो पर रहे और चंद्रशेखर अपनी जमानत भी जब्त करवा बैठे।
पंकज सिंह- नोएडा विधायक पंकज सिंह ने भी रिकॉर्ड बनाते हुए एक लाख 81 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल की। इन्होंने शरद पवार का चुनाव जीत में वोट अंतर का रिकॉर्ड तोड़ा, लेकिन कुछ देर बाद ही भाजपा के एक और उम्मीदवार सुनील कुमार शर्मा इनसे आगे निकल गए। पंकज सिंह रक्षा मंत्री और बीजेपी के बड़े नेताओं में से एक राजनाथ सिंह के बेटे हैं। पिछली बार भी इस सीट से पंकज सिंह ही चुनाव जीते थे। नंबर दो पर सपा उम्मीदवार सुनील चौधरी रहे। यहां से कांग्रेस की पंखुरी पाठक भी मैदान में थीं।
सुनील कुमार शर्मा– सुनील कुमार शर्मा साहिबाबाद विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार थे। पिछली बार भी इन्होंने ही इस सीट से जीत हासिल की थी। सुनील यहां से 2,14,835 मतों के अंतर जीते हैं। यह एक नया रिकॉर्ड है। इन्होंने अपने ही साथी पंकज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा जो इसी चुनाव में इनकी जीत से कुछ देर पहले बना था।
अतुल गर्ग- गाजियाबाद विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी अतुल गर्ग ने समाजवादी पार्टी के विशाल वर्मा को 1,05,537 मतों के अंतर से हराकर ये सीट जीती है। अतुल गर्ग पहले भी यहां से ही विधायक थे।
तेजपाल सिंह नागर- दादरी सीट से बीजेपी प्रत्याशी तेजपाल सिंह नागर ने समाजवादी पार्टी के राजकुमार भाटी को 1,38,218 वोटों के भारी अंतर से हराया है। तेजपाल सिंह नागर को 2,18,068 वोट मिले जबकि भाटी को 79,850 वोट मिले। बसपा के मनबीर सिंह 40,456 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
अमित अग्रवाल- अमित अग्रवाल बीजेपी की ओर से मेरठ कैंट से चुनावी मैदान में थे। उन्होंने 1 लाख 17 हजार वोटों के अंतर से आरएलडी उम्मीदवार मनीषा अहलावत को हराया।
पुरुषोत्तम खंडेलवाल- भाजपा उम्मीदवार पुरुषोत्तम खंडेलवाल आगरा उत्तर से बीजेपी उम्मीदवार थे। उन्होंने बसपा उम्मीदवार शब्बीर को 153817 मतों के भारी अंतर से हराया।
मनोहर लाल पंत- योगी सरकार में मंत्री रहे मनोहर लाल पंत महरौली से चुनावी मैदान में थे। इन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा के किरण रमेश कार्तिक को एक लाख 10 हजार वोटों से हराया।
श्रीकांत शर्मा- योगी सरकार में मंत्री रहे श्रीकांत शर्मा को बीजेपी ने एक बार फिर से मथुरा से टिकट दिया था। यहां उन्होंने कांग्रेस के प्रदीप माथुर को एक लाख नौ हजार वोटों से हराया है।
रामरतन कुशवाहा- बीजेपी ने इन्हें ललितपुर सदर से टिकट दिया था। इन्होंने बसपा के उम्मीदवार गुड्डू राजा को एक लाख सात हजार वोटों के अंतर से चुनाव हराया है।