नवंबर का महीना जैसे-जैसे खत्म हो रहा है वैसे-वैसे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड का प्रकोप शुरू हो रहा है। माना जा रहा है कि दिसंबर के आते ही उत्तर भारत के कई राज्य शीतलहर की चपेट में होंगे। ऐसे में स्कूली बच्चों के लिए मुसीबत भरे दिन होंगे। हालांकि प्रचंड ठंड के बीच लगभग सभी प्रभावित राज्यों में विंटर ब्रेक का ऐलान कर दिया जाएगा। दिल्ली, यूपी, हरियाणा, राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में दिसंबर-जनवरी में स्कूल बंद रहेंगे। 25 नवंबर 2025 (मंगलवार) को जम्मू-कश्मीर में विंटर ब्रेक का ऐलान कर दिया गया।

जम्मू-कश्मीर में स्कूलों का विंटर ब्रेक ऐसा होगा

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कश्मीर घाटी और जम्मू क्षेत्र के शीतकालीन क्षेत्र के स्कूलों के लिए शीतकालीन अवकाश कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इस घोषणा के मुताबिक, जम्मू और कश्मर में प्री-प्राइमरी स्कूल 26 नवंबर से बंद हो जाएंगे। वहीं कक्षा 1 से 8वीं तक के स्कूल 1 दिसंबर से बंद होंगे जबकि 9वीं से 12वीं तक के स्कूल 11 दिसंबर को बंद होंगे। जैसे-जैसे स्कूल बंद होंगे उसी तरह धीरे-धीरे स्कूलों को खोला जाएगा। 22 फरवरी से 1 मार्च के बीच स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा।

RRB Group D Exam 2025: रेलवे ने किया फ्री यात्रा का ऐलान, जानें कौन से उम्मीदवार ले सकते हैं इस सुविधा का लाभ

अन्य राज्यों में कब होगा विंटर ब्रेक?

जम्मू-कश्मीर के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश सहित अन्य उत्तर भारतीय राज्यों में भी जल्द ही विंटर ब्रेक की घोषणा कर दी जाएगी।

राष्ट्रीय राजधानी में, शिक्षा निदेशालय, दिल्ली (DoE) ने एकेडमिक साल 2025-26 के लिए स्कूल कैलेंडर जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि सर्दियों की छुट्टियां 1 जनवरी से 15 जनवरी, 2026 तक रहेंगी। इन तारीखों का ज़िक्र पिछले साल नवंबर में जारी एक नोटिस में किया गया था। हालांकि इनमें बदलाव भी हो सकता है। पॉल्युशन की वजह से भी विंटर ब्रेक पहले घोषित हो सकता है।

कुछ ऐसा ही शेड्यूल यूपी में भी रहने वाला है। उत्तर प्रदेश में छुट्टियों के कैलेंडर से मिली जानकारी से पता चलता है कि 2025 के लिए विंटर ब्रेक 1 जनवरी से लेकर 15 जनवरी 2025 तक चला था। हालांकि अभी के एकेडमिक साल 2025-26 के विंटर ब्रेक के लिए खास तौर पर राज्य भर में कोई ऑफिशियल नोटिफिकेशन अभी तक जारी नहीं किया गया है।

हरियाणा में भी विंटर ब्रेक 1 जनवरी 2026 से लेकर 15 जनवरी 2026 तक हो सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी जनवरी में विंटर ब्रेक होने की संभावना है।