गुजरात में अगले साल यानी कि 2025 में होने वाली 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है। दरअसल, गुजरात बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी एजुकेशन, गांधीनगर ने 10वीं और 12वीं की डेटशीट जारी कर दी है। गुजरात बोर्ड की परीक्षा फरवरी-मार्च में आयोजित होंगी। जो भी स्टूडेंट्स इन एग्जाम में शामिल होंगे वह बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट gseb.org और gsebeservice.com पर पूरा शेड्यूल देख सकते हैं।

27 फरवरी से शुरू होंगे बोर्ड एग्जाम

गुजरात बोर्ड की एसएससी यानी कक्षा 10वीं और एचएससी यानी कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं एकसाथ 27 फरवरी से ही शुरू होंगी और 13 मार्च तक चलेंगी। इस दौरान 10वीं की परीक्षा तो 10 मार्च को खत्म हो जाएंगी, लेकिन 12वीं के एग्जाम 13 मार्च को खत्म होंगे। 10वीं की परीक्षा एक ही शिफ्ट में होंगी। परीक्षा का समय 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक होगा। वहीं 12वीं की परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट 10 बजे से 1:45 बजे तक होंगी। दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6:15 बजे तक चलेंगी।

संबंधित स्कूल से मिलेंगे एडमिट कार्ड

2025 में जो भी बच्चे 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने वाले हैं उनके लिए रजिस्ट्रेशन अभी चल रही है। अब परीक्षा शुरू होने से पहले विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक, 10वीं और 12वीं की परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड फरवरी में मिल सकते हैं। प्रवेश पत्र संबंधित स्कूलों के द्वारा स्टूडेंट्स को मिलेंगे।

इस साल कितने छात्रों ने दी थी 12वीं की परीक्षा?

बता दें कि इस साल कुल 4.89 लाख छात्रों (विज्ञान में 1.11 लाख और सामान्य में 3.78 लाख) ने GSHSEB की कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा दी थी। नतीजों में विज्ञान स्ट्रीम के लिए 65.58 प्रतिशत और सामान्य स्ट्रीम के लिए 73.27 प्रतिशत की पास दर दिखाई गई। इस साल के गुजरात बोर्ड सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट (SSC) के नतीजों में 82.56 प्रतिशत पास प्रतिशत दिखाया गया।