दिवाली का पर्व हिंदू धर्म में सबसे बड़े पर्व में से एक है। हर साल कार्तिक मास की अमावस्या की रात को दिवाली होती है, लेकिन इस बार दिवाली को लेकर जबरदस्त कन्फ्यूजन है कि दिवाली 31 अक्टूबर की है या फिर 1 नवंबर की। हालांकि इस कन्फ्यूजन के बीच कई राज्यों में दिवाली की छुट्टियां घोषित हो गई हैं। हर साल दिवाली के आसपास करीब 4-5 दिन की छुट्टियां जरूर मिल जाती हैं, लेकिन इस बार ऐसा कम होता नजर आ रहा है क्योंकि इस बार दिवाली और गोवर्धन पूजा के बीच 1 दिन का अंतर बताया जा रहा है।
1 नवंबर को अधिकतर जगह खुले रहेंगे स्कूल
दरअसल, इस बार गोवर्धन पूजा 2 नवंबर की है। ऐसे में अगर दिवाली 31 अक्टूबर की है तो 1 नवंबर को कोई छुट्टी नहीं है। वहीं धनतेरस पर भी हर जगह छुट्टी नहीं है। जैसे देश की राजधानी दिल्ली में धनतेरस के मौके पर स्कूलों की छुट्टी रहने की उम्मीद न के बराबर है। दिल्ली में हर साल की तरह इस बार भी धनतेरस पर स्कूल खुले रहेंगे। दिल्ली में दिवाली की छुट्टियां 30 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच रहेंगी।
यूपी में कब है छुट्टी
उत्तर प्रदेश की बात करें तो यूपी सरकार ने दिवाली के लिए 31 अक्टूबर की छुट्टी घोषित की है। इसके बाद 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 3 नवंबर को भाई दूज की छुट्टी है। यूपी में 1 नवंबर की छुट्टी नहीं है। हालांकि कई प्राइवेट स्कूलों ने 1 नवंबर की छुट्टी अपनी मर्जी से घोषित कर दी है।
बिहार में छठ का ऐलान
बिहार में दिवाली के साथ-साथ राज्य सरकार ने छठी की भी छुट्टियां घोषित कर दी हैं। बिहार में दिवाली की छुट्टी 31 से 3 नवंबर के बीच रहने वाली है। हालांकि 1 नवंबर को कई जगहों पर स्कूल खुलेंगे, लेकिन छठ की बात करें तो छठ पूजा के लिए बिहार में राज्य सरकार ने 6 नवंबर से 9 नवंबर तक की छुट्टी घोषित की है। छठ पूजा 5 नवंबर को सेलिब्रेट होगी। छठ का महापर्व बिहार में प्रमुखता से मनाया जाता है, इसलिए बिहार के अधिकांश स्कूलों ने 6 नवंबर से 9 नवंबर तक की छुट्टी घोषित कर दी है।
तमिलनाडु और कर्नाटक में दिवाली की 2 दिन की छुट्टी
सरकारी आदेश के अनुसार, तमिलनाडु के स्कूलों में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को दिवाली की छुट्टियां रहेंगी। कर्नाटक में भी 31 अक्टूबर की छुट्टी के अलावा, 1 नवंबर को कर्नाटक राज्योत्सव (कन्नड़ राज्योत्सव), कर्नाटक स्थापना दिवस मनाने के लिए भी छुट्टी रहेगी।
राजस्थान में कब से कब तक है छुट्टी?
राजस्थान में धनतेरस की छुट्टी नहीं है, लेकिन दिवाली के चलते 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक छुट्टी रहेगी।
छत्तीसगढ़ में 8 दिन बच्चों की छुट्टी
इस राज्य में छात्रों को दिवाली की सबसे लंबी छुट्टी मिल रही है। यहां स्कूलों में 8 दिन का लंबा अवकाश रहेगा, इसकी शुरुआत 27 अक्टूबर के रविवार को ही हो जाएगी और 3 नवंबर दिन रविवार तक चलेगी। सरकारी छुट्टी 28 अक्टूबर से शुरू होगी और 29 अक्टूबर को धनतेरस पर भी छुट्टी रहेगी, फिर 2 नवंबर तक चलेगी। 3 नवंबर को भाई दूज भी है।
मध्य प्रदेश में 30 अक्टूबर से है छुट्टी
मध्य प्रदेश में छोटी दीपावली यानी कि 30 अक्टूबर से दिवाली के अवकाश दिए गए हैं जो 3 नवंबर यानी गोवर्धन पूजा तक चलेंगे। वहीं, धनतेरस पर यहां छुट्टी नहीं है।