वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज (1 फरवरी 2025) संसद में अपना आठवां बजट पेश करेंगी। 2019 से मोदी सरकार में वित्त मंत्रालय संभाल रहीं निर्मला सीतारमण रक्षा मंत्री और कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री (वित्त मंत्रालय) और वाणिज्य और उद्योग मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं। अरुण जेटली के निधन के बाद उन्हें वित्त विभाग दिया गया था। तब से यह मंत्रालय उन्हीं के पास है।

अर्थशास्त्र की तीन डिग्रियां हैं ताई के पास

निर्मला सीतारमण की गिनती मोदी कैबिनेट के सबसे अधिक पढ़े-लिखे नेताओं में होती है। उन्होंने अर्थशास्त्र में तीन डिग्रियां हासिल की हैं। इन डिग्रियों ने उन्हें उनके राजनीतिक करियर और प्रोफेशनल लाइफ में काफी आगे बढ़ाया है। 18 अगस्त, 1959 को तमिलनाडु के मदुरै में जन्मीं निर्मला ताई की स्कूलिंग विल्लुपुरम में सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट एंग्लो इंडियन हायर सेकेंडरी स्कूल से हुई है। प्रारंभिक शिक्षा के बाद उन्होंने मद्रास (अब चेन्नई) और तिरुचिरापल्ली में अपनी शिक्षा को जारी रखा।

Budget 2025, Sarkari Naukri LIVE: बजट 2025 में शिक्षा और रोजगार के लिए हो सकती हैं बड़ी घोषणाएं, लोगों को हैं ये उम्मीद

कहां से हुई ग्रेजुएशन?

निर्मला सीतारमण को स्कूल टाइम से ही अर्थशास्त्र और सामाजिक विज्ञान विषय में दिलचस्पी थी। बाद में उन्होंने इसे अपने करियर को परिभाषित करने के लिए भी चुना। उन्होंने तिरुचिरापल्ली के सीतालक्ष्मी रामास्वामी कॉलेज से अर्थशास्त्र में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। यह संस्थान अकादमिक उत्कृष्टता और समग्र विकास पर अपने ज़ोर के लिए जाना जाता है। अपनी पढ़ाई के दौरान निर्मला ताई ने विभिन्न शैक्षणिक और पाठ्येतर गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया जिसके जरिए उन्होंने अपने लीडरशिप स्किल को भी निखारा।

JNU से की पोस्ट ग्रेजुएशन

ग्रेजुएशन के बाद निर्मला सीतारमण आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली आ गईं। यहां उन्होंने जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में मास्टर ऑफ आर्ट्स प्रोग्राम में दाखिला लिया। बता दें कि JNU अपने कठोर शैक्षणिक वातावरण और जीवंत बौद्धिक समुदाय के लिए प्रसिद्ध है। यहां उन्होंने खुद को उन्नत आर्थिक सिद्धांतों में शामिल किया।

JNU से ही की एम.फिल.

निर्मला ताई ने JNU से एमए पूरी करने के बाद आगे की पढ़ाई भी यहीं से की। उन्होंने एम.फिल. अर्थशास्त्र में एडमिशन लिया। इस दौरान उन्होंने अपने रिसर्च को इंडो-यूरोपीय कपड़ा व्यापार पर केंद्रित रखा। निर्मला ताई ने एमए और एमफिल के दौरान अर्थशास्त्र में उनकी विशेषज्ञता को और मजबूत किया।