UPSC एग्जाम की तैयारी से जुड़े वीडियो बनाने के लिए प्रख्यात देश के जाने-माने शिक्षक अवध ओझा ने सोमवार को आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनकी पॉलिटिक्स में एंट्री ने उनके चुनाव लड़ने की संभावनाओं को भी बढ़ा दिया है। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का टिकट भी दे सकती है। अवध ओझा AAP ज्वॉइन करने के बाद से सोशल मीडिया पर भी काफी ट्रेंड कर रहे हैं। इस बीच हम आपको उनकी एजुकेशन क्वालिफिकेशन के बारे में बताते हैं। देशभर के छात्रों के लिए शिक्षा का प्रसार करने वाले अवध ओझा भी काफी पढ़े-लिखे हैं और कई डिग्रियों के मालिक हैं।
कितने पढ़े-लिखे हैं अवध ओझा?
यूपी के गोंडा जिले के रहने वाले अवध ओझा ने मास्टर डिग्री प्राप्त की है। उनकी स्कूलिंग तो गोंडा से ही हुई थी। उसके बाद उन्होंने बैचलर और मास्टर डिग्री पटना यूनिवर्सिटी से प्राप्त की। उन्होंने गणित विषय में यह डिग्री प्राप्त की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने 2005 में दिल्ली में अपना करियर शुरू किया था। उन्होंने चाणक्य आईएएस अकादमी और वाजीराम और रवि आईएएस जैसे कई कोचिंग सेंटर्स में बच्चों को पढ़ाया है। उन्होंने 2019 में महाराष्ट्र के पुणे में एक कोचिंग IQRA अकादमी की स्थापना की। यह कोचिंग UPSC की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों के बीच काफी लोकप्रिय है।
IAS अफसर बनना चाहते थे ओझा जी
बचपन से ही अवध ओझा ने भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देखा था। उनके पिता ने दिल्ली में उनकी शिक्षा के लिए ज़मीन बेची, जहां उन्होंने UPSC की प्रारंभिक परीक्षा पास करने के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन मुख्य परीक्षा में असफल रहे। इसके बाद उन्होंने टीचिंग की तरफ रूख किया। करीब 15-16 साल टीचिंग में रहने के बाद उन्होंने अब पॉलिटिक्स में एंट्री मारी है।
चुनाव लड़ सकते हैं अवध ओझा!
दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनके राजनीति में आने के बाद से ये कहा जा रहा है कि आम आदमी पार्टी उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार घोषित कर सकती है। हालांकि उनके कुछ समय पहले लोकसभा चुनाव लड़ने की भी अटकलें थीं, लेकिन उस वक्त तक उन्होंने कोई पार्टी ज्वॉइन नहीं की थी। अब माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें पटपड़गंज से उम्मीदवार घोषित कर सकती है।