अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विमान से सोमवार को जो शख्स पहले उतरा, वह थीं इवांका ट्रंप। एअरफोर्स वन विमान से पहले इवांका उतरीं, फिर उनके पीछे-पीछे ट्रंप। अमेरिकी प्रशासन में अहमियत रखने वाली इवांका प्रशासनिक मामलों में अपने पिता की छायासंगिनी हैं। उन्हें अपने पिता की आंखें और कान कहा जाता है। वे ट्रंप प्रशासन में वरिष्ठ सलाहकार हैं। उनके पति जेरेड कुशनेर भी अमेरिकी राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार हैं।
इवांका ट्रंप 2017 में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत आई थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठकें की थीं। सोमवार से शुरू हुई यात्रा से पहले इवांका ने उस आयोजन की चार तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी करते हुए ट्वीट किया, ‘हैदराबाद में आयोजित ग्लोबल एंटरप्रेन्योर समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शामिल होने के दो साल बाद मैं फिर से भारत आ रही हूं। दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच दोस्ती का जश्न मनाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति और अमेरिका की प्रथम महिला के साथ भारत वापसी पर सम्मानित महसूस कर रही हूं।’
दुनिया के सबसे ताकतवर राष्ट्रपति की बेटी इवांका, ट्रंप की पहली पत्नी इवाना की बेटी हैं। उनका जन्म 30 अक्तूबर 1981 को हुआ। ट्रंप का अपनी पहली पत्नी इवाना से तलाक हो चुका है। दोनों का जब तलाक हुआ, तब इवांका की उम्र महज 10 साल थी। उनके दो सगे भाई डोनाल्ड जूनियर और एरिक हैं।
इवांका अपने पिता के कारोबार का बड़ा एक हिस्सा संभाल रही हैं। वह ट्रंप बिजनेस ग्रुप की कार्यकारी उपाध्यक्ष हैं। अमेरिका की राजनीति में आने से पहले इवांका अपनी दूसरी मां मेलेनिया की तरह ही मॉडल रह चुकी हैं और फैशन जगत में भी अपनी धाक जमा चुकी हैं। इवांका ने अपने दम पर अमेरिका में बड़ा कारोबारी साम्राज्य खड़ा किया है। इवांका ट्रंप ने व्हार्टन यूनिवसिर्टी से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है।
इवांका की निजी संपत्ति (नेटवर्थ) करीब 1,932 करोड़ रुपए की आंकी जा रही है। बतौर ट्रंप की सलाहकार इवांका कोई तनख्वाह नहीं लेती हैं। इवांका अपनी सेहत का काफी ध्यान रखती हैं। वे डेली रूटीन को लेकर भी काफी चर्चित रहती हैं। वे सुबह जल्दी उठती हैं और ध्यान लगाती हैं। इवांका ट्रंप की शादी वर्ष 2009 में कुशनेर से हुई थी। वह तीन बच्चों की मां भी हैं। इन बच्चों के नाम जोसेफ, थियोडोर और अराबेला है। इवांका के पति एक रियल एस्टेट डेवलपर हैं। इवांका ने 2005 में अपने परिवार का भी कारोबार संभाला।
इवांका ट्रंप के किसी भी काम में पूरी दिलचस्पी लेती हैं। उन्हें अपने अंदर की कमियों को जानकर उन्हें दूर करती हैं। हालांकि, उन्हें निजी जीवन के घटनाक्रमों को छुपाने में माहिर माना जाता है। वह सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने से पीछे नहीं हटतीं। इवांका कई बार सामाजिक मुद्दों पर काम करते नजर आई हैं।