न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बाउल्ट को पूर्व चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने 5 करोड़ रुपये में खरीदा है। आईपीएल सीजन 10 के लिए बेंगलुरु में नीलामी चल रही है। ट्रेंट ने 14 टी20 मैचों में 20 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 57 मैचों में 58 विकेट लिए हैं। उनके ऊपर आईपीएल में खुद को साबित करने का दबाव होगा। एक्सपर्ट्स का मानना है कि वह दबाव में शानदार गेंदबाजी कर विकेट ले सकते हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स एक बार फिर इस फॉर्मेट का चैम्पियन बनना चाहेगा। 7 अप्रैल से शुरू होने वाली इस चैम्पियनशिप में नाइट राइडर्स की भिड़ंत राजकोट में गुजरात लॉयन्स से होगी।

बता दें कि इस इस नीलामी प्रक्रिया में कुल 350 खिलाड़ियों को खरीदा जाएगा। आॅस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टॉर्क ने आखिरी समय में आईपीएल 10 आॅक्शन से अपना नाम वापस ले लिया था। आॅक्शन की शुरूआत न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल के साथ हुई। गप्टिल को किसी टीम ने नहीं खरीदा। इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को आईपीएल 10 की नीलामी में पुणे सुपरजायंट्‍स ने 14.5 करोड़ रुपए में खरीदा। बेन स्टोक्स की बेस प्राइस 2 करोड़ थी और उन्हें उनकी आधार कीमत से 12.5 करोड़ रुपये ज्यादा राशि में आरपीएस ने खरीदा।

सबसे पहले बल्लेबाजों के समूह की बोली लगाई गई। इस ग्रुप में सिर्फ इंग्लैंड के टी20 कप्तान इयोन मॉर्गन को खरीदा गया। मॉर्गन की बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए थी और उन्हें किंग्स इलेवन ने बेस प्राइज पर ही खरीदा। जबकि एंजेलो मैथ्यूज को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 2 करोड़ में हासिल किया। इस ग्रुप के मार्टिन गप्टिल, जेसन रॉय, फैज फजल, एलेक्स हेल्स, रॉस टेलर और सौरभ तिवारी को कोई खरीदार नहीं मिला। पिछले साल के सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी रहे ऑलराउंडर पवन नेगी को इस बार महज एक करोड़ में खरीदा गया है। भारत के उन्‍मुक्‍त चंद में किसी ने नहीं दिखाई दिलचस्‍पी। वे भारत अंडर-19 टीम के कप्‍तान रह चुके हैं। वे दिल्‍ली की ओर से आईपीएल खेल चुके हैं।