भारत ने रविवार को यहां ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराकर आइसीसी विश्व टी20 चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मैच में मिली जीत की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुले दिल से तारीफ की। जीत के बाद मोदी ने ट्वीट किया, ‘क्या मैच था, भारतीय टीम पर गर्व है। बहुत अच्छी पारी, विराट कोहली और मिसाल देने योग्य नेतृत्व … एमएस धोनी।’
हालांकि भारत की सलामी जोड़ी फिर से टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाई। शिखर धवन (13) ने जोश हेजलवुड पर छक्का लगाया लेकिन नाथन कोल्टर नाइल ने उनकी पारी ज्यादा देर तक नहीं चलने दी जबकि शेन वाटसन ने रोहित शर्मा (12) को गेंद के लाइन में आए बिना आगे बढ़कर खेलने की सजा बोल्ड कर दी।
बहरहाल कोहली ने हेजलवुड पर दो चौके जड़कर शुरुआत की और पीसीए स्टेडियम में इसके बाद उनका नाम गूंजने लगा, लेकिन सलामी बल्लेबाजों की तरह सुरेश रैना (दस) भी फिर से नाकाम रहे। वाटसन की गेंद को पुल करने के प्रयास में उन्होंने विकेट के पीछे कैच दिया। युवराज सिंह (21) के बाएं पांव में आते ही परेशानी हो गई जिससे उन्हें रन लेने में थोड़ी दिक्कत हुई।
वाटसन ने कवर पर लंबी दौड़ लगाकर युवराज का कैच लेकर स्टेडियम में उनके प्रशंसकों को सन्न किया। यह आखिर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका आखिरी कैच साबित हुआ। वाटसन ने पहले ही विश्व टी20 के बाद संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। धोनी ने फाकनर पर चौका लगाकर भारत को 15वें ओवर में तिहरे अंक में पहुंचाया। भारत को आखिरी पांच ओवर में 59 रन चाहिए थे। धोनी और कोहली ने इसके बाद विकेटों के बीच दौड़ के अपने कौशल का अच्छा नमूना पेश किया। हेजलवुड के ओवर में उन्होंने इससे 12 रन जुटाए। कोहली ने 39 गेंदों पर 15वां और लक्ष्य का पीछा करते हुए 10वां अर्धशतक पूरा किया।
भारत को आखिरी तीन ओवर में 39 रन की दरकार थी लेकिन कोहली ने फाकनर पर पहले दो चौके और फिर छक्का जड़कर हिसाब बराबर कर दिया। इस ओवर में 19 रन बने। कोहली यहीं पर नहीं रुके। उन्होंने कूल्टर नाइल के अगले ओवर में चार चौके लगाकर दर्शकों को उत्साह से लबरेज कर दिया। आखिरी छह गेंदों पर अब चार रन चाहिए थे। धोनी ने फाकनर की पहली गेंद पर विजई चौका जड़कर जीत की औपचारिकता पूरी की।
इससे पहले आस्ट्रेलिया ने तूफानी शुरुआत की। नेहरा की पहली गेंद पर चौका जड़कर खाता खोलने वाले ख्वाजा ने जसप्रीत बुमराह पर चार चौके लगाए। भरोसेमंद स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के पहले ओवर में 22 रन बने जिसमें फिंच के लांग आन पर लगाए गए दो छक्के हैं। इससे अश्विन की लय बिगड़ गई और उन्होंने लगातार दो गेंद वाइड की जिसमें एक चार रन के लिए गई।
नेहरा ने हालांकि भारत को फिर से पावरप्ले में सफलता दिलाई। उनकी गुडलेंथ गेंद ख्वाजा के बल्ले के निचले हिस्से से लगी और विकेटकीपर धोनी ने अपने बाईं तरफ उसे कैच कर दिया। अश्विन ने केवल दो ओवर किए लेकिन इस बीच अपनी एक जादुई गेंद पर डेविड वार्नर (छह) को गच्चा देकर स्टंप आउट कराने में सफल रहे।
युवराज टूर्नामेंट में पहली बार गेंदबाजी के लिए आए। उनकी पहली गेंद में थोड़ा उछाल था जो स्टीवन स्मिथ (दो) के बल्ले को चूमकर धोनी के दस्तानों में पहुंची। अंपायर मारियास इरासमुस ने उंगली उठा दी लेकिन आस्ट्रेलियाई कप्तान उनके फैसले से खुश नहीं थे और रीप्ले से भी साफ नहीं लग रहा था कि गेंद और बल्ले का संपर्क हुआ या नहीं।
आस्ट्रेलिया ने अपना दूसरा पचासा पूरा करने में 9.1 ओवर लिए। गेंद नीची रह रही थी और शाट लगाना मुश्किल था। इसके तुरंत बाद फिंच भी पवेलियन लौट गए। पंड्या की गेंद पर वह सही टाइमिंग से शाट नहीं लगा पाए और डीप मिडविकेट पर खड़े शिखर धवन को कैच करने में कोई परेशानी नहीं हुई। फिंच ने अपनी 34 गेंद की पारी में दो छक्कों के अलावा तीन चौके भी लगाए।
मैक्सवेल ने रविंद्र जडेजा पर स्विच हिट से छक्का लगाया लेकिन बमराह ने उनका आफ स्टंप उखाड़कर भारतीयों को डेथ ओवर में बड़ी राहत दी। पंड्या के आखिरी ओवर में 15 रन बने। वह जेम्स फाकनर (दस) को आउट करने में सफल रहे लेकिन शेन वाटसन (नाबाद 18) और पीटर नेविल (नाबाद 10) टीम का स्कोर 150 रन के पार ले गए।
स्कोर बोर्ड
आस्ट्रेलिया
उस्मान ख्वाजा का धोनी बो नेहरा 26
आरोन फिंच का धवन बो पंड्या 43
डेविड वार्नर स्टं धोनी बो अश्विन 06
स्टीवन स्मिथ का धोनी बो युवराज 02
ग्लेन मैक्सवेल बो बुमराह 31
शेन वाटसन नाट आउट 18
जेम्स फाकनर का कोहली बो पंड्या 10
पीटर नेविले नाट आउट 10
अतिरिक्त : लेग बाई 02, वाइड 11, नोबाल 01 : 14
कुल : 20 ओवर में, छह विकेट पर : 160
विकेट पतन : 1-54, 2-72, 3-74, 4-100, 5-130, 6-145
गेंदबाजी
नेहरा 4-0-20-1
बुमराह 4-0-32-1
अश्विन 2-0-31-1
जडेजा 3-0-20-0
युवराज 3-0-19-1
पंड्या 4-0-36-2
भारत बल्लेबाजी:
रोहित शर्मा बो वाटसन 12, शिखर धवन का ख्वाजा बो कूल्टर नाइल 13, विराट कोहली नाबाद 82, सुरेश रैना का नेविल बो वाटसन 10, युवराज सिंह का वाटसन बो फाकनर 21, महेंद्र सिंह धोनी नाबाद 18,
अतिरिक्त : लेग बाई 03, वाइड 02 : 05
कुल : 19.1 ओवर में, चार विकेट पर : 161
विकेट पतन : 1-23, 2-37, 3-49, 4-94
गेंदबाजी
हेजलवुड 4-0-38-0, कूल्टर नाइल 4-0-33-1, वाटसन 4-0-23-2, फाकनर 3.1-0-35-1, मैक्सवेल 2-0-18-0, जंपा 2-0-11-0,