भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से कुछ घंटे पहले आम आदमी पार्टी (आप) पर करारा प्रहार करते हुए इसे सुशासन और अराजकता के बीच का चुनाव बताया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में सुशासन के हक में मतदान करें। वित्तमंत्री और पार्टी के प्रमुख नेता अरुण जेटली ने अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के बारे में कहा कि यह पार्टी सचिवालय से कहीं ज्यादा सड़कों पर सहज है।

दिल्ली जामा मस्जिद के शाही इमाम अहमद बुखारी की ओर से ‘आप’ के पक्ष में मतदान करने की गई अपील पर प्रतिक्रिया करते हुए उन्होंने कहा कि इस फतवे का सही जवाब यही होगा कि जो लोग इस फतवे के विरोध में हैं। वे कल सौ फीसद मतदान करने आएं। इससे पहले गुजरात में भी ऐसा फतवा आया था। तब भी उन्होंने यही बात कही थी। आप ने हालांकि शाही इमाम के समर्थन को अस्वीकार कर दिया है।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि वे मीडिया के माध्यम से दिल्ली के मतदाताओं से अपील करते हैं कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में आकर वोट दें। भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली में इस बार विचित्र स्थिति बनी है। दिल्ली और देश में हमारी अक्सर प्रमुख विरोधी रहने वाली कांग्रेस दोनों जगह अच्छा शासन नहीं दे पाने की राजनीतिक कीमत चुकाते हुए हाशिए पर है। वहीं जो दूसरा स्थानीय दल सामने आया है वह अराजकता का चेहरा है, जबकि भाजपा सुशासन का प्रतीक है। 49 दिन दिल्ली में उनका जो शासन रहा है, उसके लिए दूसरा और कोई शब्द नहीं दिया जा सकता। वे 49 दिन दुस्वप्न थे।

उन्होंने इस बात को मानने से इंकार किया कि दिल्ली के चुनावी नतीजे केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर रायशुमारी होगी। उन्होंने कहा कि रायशुमारी एक रायशुमारी है और चुनाव एक चुनाव हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि मोदी सरकार के आठ महीनों ने दिखा दिया है कि देश के विकास और सुशासन के लिए वह क्या कुछ कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के चलते अब किसी घोटाले की बात नहीं होती।केजरीवाल को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि अपनी पार्टी को मिले संदिग्ध चंदों का जवाब देने की बजाय वह ध्यान बंटाने वाली इधर-उधर की बातें कर रहे हैं। दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने के बारे में भाजपा के दृष्टिपत्र में कोई उल्लेख नहीं होने के बारे में किए गए सवाल पर जेटली ने महज इतना कहा कि पार्टी इस विचार का समर्थन करती है।

प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें 40 साल के सार्वजनिक जीवन का अनुभव है और वह अपनी प्रशासनिक काबलियत के लिए जानी जाती हैं।