दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद आ रहे एग्जिट पोल की माने तो राजधानी में आम आदमी पार्टी की सरकार बननी तय है। टेलीविजन चैनलों पर आ रहे विभिन्न एग्जिट पोल के अनुसार, आप के बाद भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। राजधानी से इस बार कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने के संकेत मिल रहे हैं।
इंडिया टुडे-सिसेरो पोल के अनुसार, मतदान समाप्त होने के बाद दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से आप को 38 से 46, भाजपा को 19 से 27 जबकि कांग्रेस को तीन से पांच सीटें मिलने की संभावना है।
न्यूज 24 चैनल पर आ रहे चाणक्य पोल के अनुसार, आप को 48 सीटें जबकि भाजपा को 22 सीटें मिलने की संभावना है। एग्जिट पोल का कहना है कि राजधानी में कांग्रेस और उसके गठबंधन दल इसबार खाता भी नहीं खोल सकेंगे।
न्यूज नेशंस पर आ रहे एग्जिट पोल के अनुसार, आप को 41 से 45, भाजपा को 23 से 27 और कांग्रेस को एक से तीन सीटें मिलने की संभावना है।
इससे पहले 2013 में हुए विधानसभा चुनावों में आप को 28 सीटें मिली थीं और कांग्रेस की आठ सीटों की मदद से कुछ दिन के लिए उसने सरकार भी चलायी थी। उस दौरान 32 सीटों के साथ भाजपा दिल्ली में सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी।
एबीपी नेल्सन पोल के अनुसार, आप को 39 सीटें मिलेंगी जबकि भाजपा को 28 और कांग्रेस को तीन सीटें मिलेंगी। जीटीवी-सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार, आप को 31 से 39, भाजपा को 27 से 35 और कांग्रेस को दो से चार सीटें मिल सकती हैं।
इंडिया न्यूज के एग्जिट पोल ने आप को सबसे ज्यादा 53 सीटें दी हैं। जबकि भाजपा को 17 और कांग्रेस को दो सीटें मिलने की संभावना जतायी है।
इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में आप को 31 से 39, भाजपा को 27 से 35 और कांंग्रेस को दो से चार सीटें मिलने की संभावना है।