मुंबई के वर्ली सीफेस पर 4 जुलाई को समुद्र में एक युवती की लाश मिली थी। लाश को बोरे में भरकर समुद्र में फेंक दिया गया था। पानी से लड़की का चेहरा खराब हो गया था। इस कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। इसलिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद से लड़की का चेहरा दोबारा तैयार किया गया।

लड़की की उम्र 15 से 17 साल के बीच है। पुलिस को शक है कि सबूत मिटाने के लिए उसके शव को समुद्र में फेंका गया था। वर्ली पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज किया है।

बोरे में मिला लड़की का शव

दरअसल, वर्ली समुद्री तट पर नौसैनिक अड्डे आईएनएस ट्राटा के पीछे समुद्र में 4 जुलाई को एक बोरे में शव मिला था। लड़की के शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि उसकी उम्र 15 से 17 साल के बीच है। उसके हाथ-पैर टूटे हुए हैं। पुलिस ने पंचनामा कर शव को कब्जे में ले लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए नायर अस्पताल भेज दिया।

खराब हो गया था चेहरा

वर्ली पुलिस ने इस संबंध में आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान पता चला कि घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था। साथ ही पानी के कारण लड़की का चेहरा भी खराब हो गया था जिससे पुलिस को उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। इसलिए वर्ली पुलिस ने केईएम अस्पताल के विशेषज्ञों की मदद से चेहरे को दोबारा बनाया।

पुलिस ने 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की

फॉरेंसिक टीम ने एक प्रतिकृति बनाई है और उसकी तस्वीर बांटी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने शव के बारे में जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अपहरण के तीन अन्य मामले सुलझाए हैं। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई का जा रही है।