दिल्ली से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला 15 दिनों तक फाइव स्टार होटल में अकेले रही। उसने इस दौरान होटल की सारी सुविधाओं का फायदा उठाया। उसने लजीज खाना खाया, कपड़ों की लाउंड्री कराई, मंहगे स्पा लिए, स्वीमिंग, जिम आदि का सबका खूब आनंद लिया। इसके बाद होटल वाले को चकमा देकर फरार होना चाही मगर पकड़ी गई। चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है।
असल में महिला पर होटल के कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि उसने पेमेंट करने के लिए बैंक के यूपीआई ऐप का इस्तेमाल किया जो कभी हुआ ही नहीं। पुलिस को शक है कि महिला ने नकली मोबाइल एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया या फिर नकली बिल बनाए।
दरअसल, दो हफ्ते पहले एक 37 साल की महिला को एयरोसिटी के फाइव स्टार होटल में धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। महिला पर आरोप था कि उसने खुद को वकील बताकर नए साल के आसपास होटल में रूम लिया। वह 15 दिनों तक होटल में रुकी। जिसका बिल लगभग 5-7 लाख बना मगर उसने पेमेंट नहीं किया। इतना ही नहीं उसने होटल में 2.11 लाख रुपये का स्पा और अन्य सुविधाओं का इस्तेमाल किया। आखिर में जब वह होटल से जाने लगी तो बिल जमा न करके लाखों की धोखाधड़ी की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जब महिला की जांच की
पुलिस ने जब महिला की जांच की तो उसके खाते में सिर्फ 41 रुपये मिले। पुलिस ने कहा कि महिला के नाम पर सिर्फ एक बैंक खाता मिला है। इस खाते में कोई पैसा नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी महिला का नाम झांसी रानी सैमुअल है। वह आंध्र प्रदेश की रहने वाली हैं। वे नए साल का जश्न मनाने के लिए अकेले दिल्ली आई थी। पुलिस ने कहा कि 13 जनवरी को वह होटल छोड़ने वाली थीं। जब कर्मचारियों को पता चला कि उन्होंने बिल जमा करने के लिए गलत डिटेल दी है तो उन्होंने महिला को रोक लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है कि वह एक वकील हैं या फिर वकील होने का दिखावा किया था। “वह बार-बार अपना बयान बदलती रहती हैं। महिला ने जांच करने वाले एक अधिकारी से कहा कि वे एक डॉक्टर हैं। इतना ही नहीं महिला ने यह भी कहा कि वे न्यूयॉर्क में रह चुकी हैं। हम नहीं जानते कि किस पर विश्वास करें।” मामले में एक अधिकारी ने कहा, हमने उनके होमटाउन के लोकल कर्मचारियों से महिला के परिवार से संपर्क करने को कहा है।
बिना बिल चकाए 15 दिन होटल में रही महिला
रिपोर्ट के अनुसार, सैमुअल ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी कुछ साल पहले हुई थी लेकिन उसका तलाक हो चुका है। पुलिस ने कहा कि सैमुअल बिना बिल चुकाए 15 दिनों तक होटल में रुकी और जब कर्मचारियों ने उसे होटल के बाहर जाने से रोकने की कोशिश की तो उनके साथ हाथापाई की। इसके बाद होटल ने पुलिस को बुलाया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस जांच में पाया कि उसने ईशा दवे नाम से फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल किया था। होटल के कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने लेनदेन के लिए बैंक के यूपीआई ऐप का इस्तेमाल किया जो कभी हुआ ही नहीं। पुलिस को शक है कि उसने नकली मोबाइल एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया होगा। फिलहाल मामले में सैमुअल पर धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।