झारखंड के गढ़वा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हैरान कर दिया है। बताया जा रहा है कि यहां रहने वाली एक महिला कई हफ्ते से बीमार थी। ऐसे में परिजन उसे तांत्रिक दंपती के पास ले गए। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान तांत्रिक कपल ने महिला के शरीर में त्रिशूल घोंप दिया और उसकी आंखें निकाल लीं। इससे महिला की मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी तांत्रिक कपल की पहचान आलम देवी और सत्येंद्र ओरान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कोंडिरा गांव में रहने वाली रुदनी देवी कई हफ्ते से बीमार थीं। परिजनों ने डॉक्टर को बुलाने की जगह तांत्रिक दंपती से संपर्क किया।

National Hindi News, 20 August 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की तमाम अहम खबरों के लिए क्लिक करें

जानकारी के मुताबिक, रुदनी देवी को कमरे में बंद करके तांत्रिक दंपती ने काला जादू शुरू कर दिया। उनका कहना था कि महिला पर बुरी ताकतों का साया है। वे अपने त्रिशूल से महिला के शरीर में छेद करने लगे। साथ ही, उनकी आंखें भी फोड़ डालीं। पहले से बीमार रुदनी देवी दर्द बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि महिला की मौत के बाद परिजनों ने मामले को दबाने की कोशिश की और डेडबॉडी का क्रियाकर्म कर दिया। हालांकि, पुलिस समय पर गांव पहुंच गई और तांत्रिक दंपती के साथ परिवार के कुछ सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।

[bc_video video_id=”6074736382001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]

गढ़वा के डीसीपी नीरज तिवारी ने बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया, ‘‘झारखंड के दूरदराज व ग्रामीण इलाकों में लगातार जागरूकता फैलाई जा रही है। इसके बावजूद लोग अपने तरीके नहीं बदल रहे हैं।’’ महिला के परिजन यह नहीं बता पाए हैं कि वह  उसे प्रॉपर इलाज के लिए सदर अस्पताल या प्राइमरी स्वास्थ्य केंद्र क्यों नहीं ले गए?