यूपी के पीलीभीत जिले में एक पत्नी पर आरोप है कि उसने पति की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। आरोप है कि उसने सो रहे पति को चारपाई से बांधा और फिर उसे कुल्हाड़ी से 5 टुकड़ों में काट डाला। इसके बाद उसने शव को नहर में ले जाकर फेंक दिया। घटना थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम शिवनगर की है। मृतक की पहचान 55 साल के राम पाल के रूप में हुई है। फिलहाल आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर गांव के लोगों में दहशत फैल गई। हर तरफ इस घटना की चर्चा हो रही है।
बेटे ने मां पर हत्या का जताया था शक
रिपोर्ट के अनुसार, मृतक राम पाल के लापता होने की सूचना उसके बेटे सोन पाल ने दी थी। बेटे ने नोटिस किया कि उसके पिता कुछ दिन से दिखाई नहीं दे रहे थे। उसने पिता की तलाश की मगर जब वे नहीं मिले तो पुलिस थाने जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। बेटे ने पुलिस से कहा कि उसे मां पर शक है कि उसने ही पिता की हत्या की है। बेटे ने कहा कि मां तीन महीने पहले अपने प्रेमी के पास चली गई थी, 20 दिन पहले ही लौटी है।
महिला का चल रहा था अफेयर
असल में मृतक का बेटा सोन पाल पत्नी और बच्चों के साथ पास में ही रहता है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी दुलारो देवी कुछ दिनों से अपने पति के दोस्त के साथ रह रही थी। गांव लौटने के बाद उसने बेटे को पति के लापता होने की जानकारी दी। बेटे को पहले ही मां पर शक था। उसने पिता के गायब होने की सूचना पुलिस को दे दी। पूछताछ के दौरान पुलिस को भी मृतक की पत्नी दुलारो देवी पर शक हुआ। पुलिस ने इसी संदेह के आधार पर दुलारो देवी को हिरासत में ले लिया और उसके पति के बारे में पूछताछ की।
आरोपी पत्नी ने कबूल किया जुर्म
पूछताछ में मृतक की पत्नी ने अपराध करना कबूल कर लिया और पुलिस को बताया कि उसने रविवार की रात सोते समय राम पाल की हत्या कर दी थी। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसने शव के टुकड़ों को नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने कहा कि वे राम पाल के शरीर के अंगों को निकालने के लिए गोताखोरों की मदद ले रहे हैं। इसी बीच नहर में मृतक के खून से सने कपड़े और एक गद्दा मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।