Lawrence Bishnoi News: लोकप्रिय गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या और बॉलीवुड अभिनेता सलामान खान को खुलेआम जान से मारने की धमकी देने वाला गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई इन दिनों काफी चर्चा में है। एनसीपी अजित पवार गुट के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में अपनी संलिप्तता कबूलने वाले गैंग का सरदार लॉरेंस फिलहाल गुजरात के साबरमती जेल में बंद है। हालांकि, जेल में रहते हुए इतनी बड़ी घटना को अंजाम देकर उसने लोगों को चौंका दिया है।
सलाखों के पीछे से अपना नेटवर्क चलाता है लॉरेंस
खबर है कि वो सलाखों के पीछे से अपना नेटवर्क चलाता है। लेकिन वो इतना बड़ा गैंगस्टर कैसे बन गया। इतनी कम उम्र में एक साधारण छात्र नेता और पुलिस कॉन्स्टेबल का बेटा अपराध की दुनिया का बादशाह कैसे बन गया, इस बात का जवाब उसे लगातार पांच बार अरेस्ट करने वाले चंडीगढ़ पुलिस के पूर्व इंस्पेक्टर अमनजोत सिंह ने दिया है।
NDTV के साथ खास इंटरव्यू में पूर्व इंस्पेक्टर अमनजोत सिंह ने कहा कि लॉरेंस जो आज गैंगस्टर बन गया है, शुरुआत से अपराधी नहीं था। वो सीधा-साधा लड़का था। उसे कानून में रुचि थी, वो इसकी पढ़ाई कर रहा था। लेकिन बार-बार जेल जाने के कारण वो गलत लोगों की संगत में आ गया और अपराध की दुनिया का बादशाह बन गया।
18 साल की उम्र में पहली बार हुआ था गिरफ्तार
पूर्व इंस्पेक्टर अमनजोत सिंह ने मंगलवार को न्यूज चैनल को बताया कि पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र राजनीति में शामिल लॉरेंस को एक दिन के लिए पुलिस हिरासत में लिया गया था। तभी वो केवल 18 साल का था। उसने चंडीगढ़ के सेक्टर 11 के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी थी।
अधिकारी बताते हैं, “उस समय वो बहुत मासूम था। जब पुलिस उसे गिरफ्तार करती थी तो वो कभी-कभी अधिकारियों को अंकल या सर कहता था। वो वही करता था जो उसकी पार्टी नेतृत्व उससे कहती थी।” उन्होंने ये भी कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि बिश्नोई “इतना बड़ा गैंगस्टर” बन जाएगा।
31 वर्षीय गैंगस्टर को कई बार गिरफ्तार करने वाले अधिकारी ने कहा कि जब बिश्नोई को छठी बार गिरफ्तार किया गया था, तो उसने कहा था कि “7-8 राज्यों की पुलिस उसकी तलाश करेगी”। लॉरेंस बिश्नोई ने पहली बार तब सुर्खियां बटोरीं जब उसने 2018 में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को सार्वजनिक रूप से जान से मारने की धमकी दी।
बिश्नोई समुदाय के लिए एक पूजनीय है काला हिरण
कुख्यात ने अभिनेता पर दो काले हिरणों का शिकार करने का आरोप लगाया। ये हिरण राजस्थान के बिश्नोई समुदाय के लिए एक पूजनीय जानवर, जिससे लॉरेंस संबंधित है। जोधपुर में एक अदालत में पेशी के दौरान बिश्नोई ने कहा, “हम सलमान खान को मार देंगे। एक बार जब हम कार्रवाई करेंगे तो सभी को पता चल जाएगा।”
संयोग से, बाबा सिद्दीकी, जिनकी पिछले महीने मुंबई में तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, सलमान खान के करीबी दोस्त के रूप में जाने जाते थे। बिश्नोई सिद्धू मूसे वाला की हत्या का भी मुख्य आरोपी है, जिसकी 2022 में पंजाब में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
जेल में उसका तेजी से “ट्रांस्फॉर्मेशन” हो गया : अधिकारी
अमनजोत ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई ने शुरू में अपने पार्टी नेतृत्व के निर्देशों पर काम किया, लेकिन बाद में जेल में उसका तेजी से “ट्रांस्फॉर्मेशन” हो गया। उन्होंने कहा, “शुरू में वो अपने पार्टी नेतृत्व के निर्देशों पर काम करता रहा। लेकिन जब वो जेल जाता रहा, तो उसका ट्रांस्फॉर्मेशन बहुत तेजी से हुआ। वो बड़े गैंगस्टरों के संपर्क में आया और उसका दबदबा बढ़ता चला गया।”
उन्होंने कहा, “जब वो जेल जाता रहा, तो बड़े अपराध करने वाले कुछ कैदियों को लगा कि बिश्नोई में कुछ खास बात है। फिर उन्होंने उसका इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। उन्होंने उसे अपने संरक्षण में ले लिया, क्योंकि उन्हें पता था कि बिश्नोई को जमानत मिलने वाली है।
रॉकी फाजिल्का को अपना गुरु मानता था लॉरेंस
अमनजोत सिंह ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई गैंगस्टर रंजीत जसविंदर सिंह उर्फ रॉकी फाजिल्का को अपना गुरु मानता था। उन्होंने बताया, “जब लॉरेंस बिश्नोई उत्तर प्रदेश की बांदा जेल गया, तो उसकी मुलाकात एक और गैंगस्टर रंजीत सिंह “डुपला” से हुई, जो रॉकी फाजिल्का का बहुत करीबी था। उसी ने उसे फाजिल्का से मिलवाया था।”
पंजाब के फिरोजपुर का रहने वाला रॉकी फाजिल्का बिश्नोई से इम्प्रेस हुआ और उसे अपने संरक्षण में ले लिया। चूंकि दोनों के गांव पास-पास थे, इसलिए वो उसका करीबी सहयोगी बन गया। बिश्नोई 2015 से जेल में है और फिलहाल गुजरात में बंद है।
क्या कभी लॉरेंस के एनकाउंटर का सवाल मन में आया का जवाब देते हुए पूर्व इंस्पेक्टर ने कहा कि नहीं ऐसा कभी नहीं हुआ। हमारे डिपार्टमेंट की कुछ बंदिशें होती हैं। हमें कानून के दायरे में रहकर काम करना होता है। हम बेवजह एनकाउंटर नहीं कर सकते। हमारा काम है अपराधी को पकड़ कर कोर्ट के सामने पहुंचाना।
उन्होंने कहा कि कोर्ट भी उसे फांसी की सजा नहीं दे सकती क्योंकि उसकी भी बंदिशें हैं। हमें किसी की जान लेने का अधिकार नहीं है। अगर हम जान लेते हैं तो हम पर भी कानून के तहत कार्रवाई होगी।