कर्नाटक के हुबली के पास उनकल में एक होटल के अंदर एक प्रसिद्ध वास्तु विशेषज्ञ चंद्रशेखर गुरुजी की मंगलवार को हत्या कर दी गई। अब इस बर्बर हत्या का वीडियो भी वायरल है। बता दें कि, इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, इसमें से एक वास्तु विशेषज्ञ का पूर्व कर्मचारी और एक अन्य पूर्व कर्मचारी का पति है।

क्या दिख रहा वीडियो में: हत्या के वायरल वीडियो में गुरुजी एक होटल की लॉबी में बैठे हुए दिखाई देते हैं, तभी उनके पास दो आदमी पहुंचते हैं। उनमें से एक ने उनका ध्यान भटकाने के लिए पैर छुए तो दूसरे ने चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद दूसरा व्यक्ति भी कुछ ही सेकंड में गुरुजी को चाकू घोंपने लगा, इस दौरान गुरुजी ने खुद को बचाने के लिए हाथ-पैर चलाए पर कोशिश बेकार रही। पुलिस ने दावा किया कि मृतक के पूरे शरीर पर 50 से अधिक बार चाकू से वार किए गए थे।

चंद्रशेखर गुरुजी कौन थे: चंद्रशेखर गुरुजी का नाम देश के सबसे लोकप्रिय वास्तु विशेषज्ञों में से एक था। वह कर्नाटक टेलीविजन के सबसे प्रसिद्ध चेहरों में से एक थे। चंद्रशेखर, राज्य के बागलकोट जिले का रहने वाले थे। उन्होंने एक ठेकेदार के रूप में अपना करियर शुरू किया था और बाद में उन्हें मुंबई में नौकरी मिल गई। फिर उन्होंने अपना वास्तु व्यवसाय शुरू किया जो सफल रहा था।

गुरुजी की हत्या क्यों की गई: पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि गुरुजी ने आरोपी महंतेश की पत्नी वनजाक्षी के नाम से संपत्ति खरीदी थी। हाल ही में गुरूजी ने वनजाक्षी से अपनी संपत्ति वापस करने के लिए कहा था, लेकिन वह संपत्ति वापस नहीं करना चाहती थी। पुलिस का मानना है कि जब गुरूजी ने संपत्ति लौटाने का दबाव बनाया तो उनकी हत्या कर दी गई। हालांकि, अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि हत्या का कारण यही है। पुलिस मामले की कई एंगल से जांच कर रही है।

गुरु जी के करीबी हैं आरोपी: चंद्रशेखर गुरुजी की हत्या को लेकर पुलिस ने मंजूनाथ दुम्मवाड़ा और महंतेश शिरूर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों धारवाड़ जिले के कालाघाटगी तालुक के मूल निवासी हैं। मंजूनाथ, गुरुजी का पूर्व कर्मचारी रह चुका है। जबकि महंतेश की पत्नी वनजाक्षी भी वास्तु विशेषज्ञ की पूर्व कर्मचारी थीं। पुलिस ने गुरूजी की हत्यारोपियों को महाराष्ट्र भागने की कोशिश में मंगलवार को पकड़ लिया था।