कुख्यात गैंग्स्टर विकास दुबे का अब एक कथित ऑडियो क्लिप वायरल हुआ है। कहा जा रहा है कि यह ऑडियो क्लिप विकास दुबे और एक सिपाही के बीच हुई बातचीत की है। इस कथि ऑडियो क्लिप में सुनाई दे रहा है कि विकास दुबे पुलिस वाले को हड़का रहा है। ऑडियो क्लिप को सुनने से ऐसा लग रहा है कि विकास दुबे किसी केस के सिलसिले में पुलिसवाले बातचीत कर रहा है।
कथित तौर से बातचीत के दौरान विकास दुबे सिपाही से कहता है कि ‘ये फर्जी मुकदमा लिखवा रहा है…मुझे कसम है चाहे..जिंदगी की फरारी काटने पड़े, इतना बड़ा कांड करूंगा। ये जान जाएगा कि किसी से पाला पड़ा है…पूरी जीप न मरी तो बताना। इतने खून करूंगा, ता जिंदगी का जेल काट लूंगा.. आज ये विकास दुबे का शिकार हो जाएगा…जब तक मार नहीं दूंगा घर नहीं लौटूंगा. रायता फैलने वाला है।’
ऑडियो क्लिप को सुनने में ऐसा लग रहा है कि सिपाही विकास दुबे की भभकी के आगे नतमस्तक हो गया है। ऑडियो क्लिप में सिपाही, विकास दुबे की भभकी के आगे सिर्फ जी..जी…कहता सुनाई दे रहा है। हालांकि जनसत्ता इस ऑडियो क्लिप की पुष्टि नहीं करता है। (ऑडियो अंत में सुनें)
आपको बता दें कि अभी हाल ही में विकास दुबे का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। यह वीडियो साल 2019 का बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि जब विकास दुबे जेल से छूट कर बाहर आय़ा था तब उसके साथियों ने उसके पक्ष में नारे लगाए थे और जश्न मनाया था। वीडियो में नजर आ रहा है कि विकास दुबे अपने साथियों के बीच घिरा है और लोग नारे लगा रहे हैं…जेल का ताला टूट गया, शेर हमरा छूट गया…
आपको बता दें कि दुर्दांत विकास दुबे का खौफ बिकरू गांव में इतना ज्यादा था कि कोई भी उसके खिलाफ आवाज उठाने से डरता था। कहा जाता है कि विकास दुबे खुलेआम पुलिसवालों से भी उलझ जाता था। शायद यही वजह थी कि पुलिस-प्रशासन का खौफ उसके अंदर से खत्म हो गया था।
2-3 जुलाई की रात विकास दुबे ने अपने साथियों के साथ मिलकर 8 पुलिसकर्मियों की बेरहमी से हत्या कर दी। हालांकि बाद में 9 जुलाई को पुलिस ने विकास दुबे को एक एनकाउंटर में मार गिराया था।

