बिजनौर में एक पुलिसकर्मी पर एक नाबालिग लड़की से बलात्कार का आरोप लगा है। जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसका अपने पति से विवाद चल रहा है और पुलिसकर्मी मनोज रस्तोगी मदद करने के लिए उसके घर आता रहता था। उस समय वह शहर कोतवाली में तैनात था। महिला ने आरोप लगाया कि इसी दौरान रस्तोगी ने 11 सितंबर को उसकी नाबालिग बेटी को घर में अकेला पाकर उससे बलात्कार किया।

महिला के अनुसार, थाने में किसी ने उनकी बात नहीं सुनी, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगायी और तब जाकर पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई। ऐसा बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मी इस समय मुरादाबाद में तैनात है।

आपको याद दिला दें कि अक्टूबर के महीने में दिल्ली की एक महिला ने दिल्ली के एक थाने में तैनात दारोगा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। दारोगा पर आऱोप लगा था कि दरोगा पहले उसके पति को कुछ पूछताछ करने के मामले में दिल्ली से उठाकर लाया था। उसे थाने में बंद किया गया और जब महिला अपने पति की तलाश करते हुए थाने पहुंचीं तो उन्हें वकील के पास ले जाने के बहाने दारोगा कार में ले गया और कार में ही उनके साथ दुष्कर्म किया गया।

इतना ही नहीं महिला का आरोप यह भी है कि दरोगा ने उसे यह भी धमकी दी थी कि यदि यह बात किसी को बताई तो वह उसके पति के ऊपर इतनी धाराएं लगाएंगे कि वह जेल में ही सड़ता रहेगा। इस मामले में महिला ने अदालत से न्याय की गुहार लगाई है।