उत्तर प्रदेश के संभल जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला जिसने अपने पति को ठुकरा कर प्रेमी से शादी करने का फैसला लिया, उसी प्रेमी ने दहेज में कार नहीं मिलने पर शादी नहीं करने का फैसला लिया। महिला सोलह शृंगार कर बैठी रही लेकिन प्रेमी बारात लेकर नहीं आया। जब महिला को इस बात का पता चला वो बेहोश होकर गिर पड़ी। ऐसे में परिजनों ने उसके अस्पताल में भर्ती कराया।

महिला को पति ने तलाक दे दिया

मामला जिले के नखासा थाना क्षेत्र का है। यहां एक शादीशुदा महिला का इलाके के ही रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात का पता चलने पर महिला को पति ने तलाक दे दिया। ऐसे में वो मायके लौट आई। हालांकि, यहां भी उसके प्यार का भूत नहीं उतरा।

महिला की मां ने एक दिन उसे प्रेमी सलीम के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया, जिसके बाद बवाल मच गया। मामला थाना पहुंच गया। हालांकि, मामले समझौता कराते हुए पुलिस ने दोनों की शादी करा देने की बात कही और 5 नवंबर की तारीख तय कर दी।

दोनों पक्ष शादी की तैयारी में जुट गए

ऐसे में दोनों पक्ष शादी की तैयारी में जुट गए। 5 नवंबर को तय कार्यक्रम के आधार पर लकड़ी पक्ष वाले बारातियों के स्वागत के लिए तैयार थे। हालांकि देर रात तक बारात नहीं आई। जब इस संबंध में वर पक्ष से पूछा गया तो पता चला कि दहेज में कार नहीं मिलने के कारण लड़के ने खुद शादी के लिए मना कर दिया है।

इस बात को सुनते ही वधू पक्ष के लोग सन्न रह गए। वहीं, दुल्हनियां बेहोश हो गई। ऐसे में उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में लड़की पक्ष वालों ने लड़का पक्ष पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि शादी नहीं करने की स्थिति में उनपर कार्रवाई होनी चाहिए।

लड़की पक्ष ने इस बाबत शिकायत की

घटना के संबंध में नखासा थाना के प्रभारी गजेंद्र कुमार ने कहा कि समझौता कराकर दोनों पक्षों को शादी के लिए राजी कराया गया था। लेकिन लड़के ने शादी तोड़ दी। लड़की पक्ष ने इस बाबत शिकायत की है। शिकायत के आधार पर युवक, उसके पिता, भाई सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।