उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पूर्व संसदीय क्षेत्र गोरखपुर में नाबालिग लड़की को किडनैप कर उसके साथ दरिंदगी करने का मामला प्रकाश में आय़ा है। बताया जा रहा है कि यहां 16 साल की एक लड़की को उसके गांव के ही तीन युवकों ने अगवा कर लिया और फिर उसके साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। यह भी बताया जा रहा है कि विरोध करने पर लड़की को सिगरेट से जलाया भी गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़की का अपहरण शुक्रवार (14-08-2020) की रात को किया गया था। लड़की के माता-पिता पेशे से मजदूर बताए जा रहे हैं। बदमाश लड़की को घऱ से उठा कर ले गए थे। बाद में अचेत अवस्था में मिली लड़की को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में यहां के एसओ ने रविवार को बताया कि इस मामले में गैंगरेप, अपहरण की विभिन्न धाराओं के अलावा पॉक्सो एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है। हालांकि अभी सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
गोरखपुर राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ का गढ़ रहा है। यहां से योगी आदित्यनाथ 5 बार सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा वो यहां के गोरखनाथ मठ के प्रमुख भी रहे हैं।
आपको बता दें कि इससे पहले रविवार की अहले सुबह लखीमपुर-खिरी जिले से भी एक नाबालिग लड़की के साथ हैवानियत किये जाने का मामला सामने आया था। यहां पीड़ित परिवार का आऱोप था कि 14 साल की लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद बदमाशों ने उसकी आंखें फोड़ दी और उसकी जीभ भी काट दी।
हालांकि पुलिस ने आंख फोड़े जाने की बात से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि गला दबाने की वजह से लड़की की आंखें बाहर आ गई थीं। इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों पर कई संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।